OTHERS

नाद अर्चना में गूंजा शास्त्रीय संगीत का स्वर, भरतनाट्यम और ग़ज़लों ने बांधा समां

संस्कार भारती के आयोजन में यूपी-बिहार के कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, “कलाकार पोर्टल” का भी हुआ डिजिटल शुभारंभ

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर शहर के गोयल धर्मशाला में शुक्रवार को संस्कार भारती बक्सर जिला इकाई द्वारा आयोजित “नाद अर्चना” संगीत बैठक कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत, भरतनाट्यम नृत्य और ग़ज़लों का अद्भुत संगम देखने को मिला। उत्तर प्रदेश और बिहार से पहुंचे प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियों ने देर रात तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किए रखा। कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों के साथ शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कार भारती के ध्येय गीत से हुआ। संगठन के कार्यकर्ता एवं संगीत गुरु बिकेश शास्त्री ने तबला वादक अभय नारायण पांडेय की संगत में अपनी छात्राओं के साथ आकर्षक प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय और सुरमय बना दिया। उनकी प्रस्तुति को श्रोताओं ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद बनारस घराने के प्रसिद्ध सितार वादक कृष्णा मिश्रा ने तबला पर प्रशांत मिश्रा की संगत के साथ मनमोहक सितार वादन प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने संगीत प्रेमियों को शास्त्रीय संगीत की गहराइयों से रूबरू कराया। वहीं पटना से आई कलाकार आद्या सिन्हा ने अंशु कुमार और नेहा कुमारी के साथ भरतनाट्यम नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।

 

कार्यक्रम के अंतिम चरण में ग़ज़ल गायक राघवेंद्र पांडेय ने अपनी मधुर आवाज़ और शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनकी ग़ज़लों पर श्रोता देर तक झूमते रहे और पूरे सभागार में उत्साह का माहौल बना रहा। इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सी.एम. सिंह, संस्कार भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. मेजर पी.के. पांडेय, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर तथा सैनिक संघ के उपाध्यक्ष विद्यासागर चौबे ने भारत माता एवं मां सरस्वती के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।मंच संचालन की जिम्मेदारी डॉ. अनुराग मिश्रा ने निभाई। कार्यक्रम के दौरान सभी कलाकारों को अंगवस्त्र, फूलमाला एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को लेकर श्रोताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर संस्कार भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. मेजर पी.के. पांडेय ने जिले के कलाकारों के सर्वेक्षण के उद्देश्य से “कलाकार पोर्टल” का डिजिटल शुभारंभ भी किया। यह पोर्टल कंप्यूटर शिक्षक विजय भूषण सिंह के सहयोग से तैयार किया गया है। आयोजकों ने बताया कि यह पोर्टल पुराने एवं नवोदित कलाकारों को एक मंच पर जोड़ने और उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। डॉ. मेजर पी.के. पांडेय ने कहा कि संस्कार भारती का मुख्य उद्देश्य विलुप्त होती सांस्कृतिक परंपराओं से नई पीढ़ी को जोड़ना, शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य को बढ़ावा देना तथा जिले के नवोदित कलाकारों को उचित मंच उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के संयोजक अभिनव कुमार एवं निवेदक रोहतास गोयल रहे। आयोजन को सफल बनाने में महामंत्री गुलशन सिंह, कोषाध्यक्ष निकेश पांडेय, मंत्री अंकुर श्रीवास्तव सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button