OTHERS

राष्ट्रीय लोक अदालत से पहले जागरूकता अभियान तेज, न्याय रथ को दिखाई गई हरी झंडी

09 मई 2026 को होने वाली द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत के मद्देनज़र, नालसा की योजनाओं का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचेगा न्याय रथ

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
वर्ष 2026 की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत (09 मई) को सफल बनाने के उद्देश्य से व्यवहार न्यायालय, बक्सर में
एक महत्वपूर्ण जागरूकता पहल की शुरुआत की गई। इस अवसर पर माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर सुश्री काजल झाम्ब, सचिव श्रीमती नेहा दयाल तथा जिला अधिवक्ता संघ के सचिव श्री बिंदेश्वरी प्रसाद पांडे ने संयुक्त रूप से न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

यह न्याय रथ पूरे बक्सर जिले के विभिन्न प्रखंडों, शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इसका उद्देश्य आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और इसके लाभों के बारे में जागरूक करना है। न्याय रथ में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा तैयार किए गए ऑडियो सॉन्ग और जिंगल सॉन्ग बजाए जाएंगे, जिनके माध्यम से लोगों तक सरल और प्रभावी तरीके से कानूनी जानकारी पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान सचिव श्रीमती नेहा दयाल ने बताया कि यह अभियान न केवल राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूकता बढ़ाएगा, बल्कि नालसा द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाएगा।

 

इस जागरूकता अभियान में प्रमुख रूप से निम्न विषयों पर जानकारी दी जाएगी:
बाल विवाह निषेध अधिनियम
समाधान समारोह कार्यक्रम
राष्ट्रीय लोक अदालत की प्रक्रिया और लाभ
मानव तस्करी एवं दुर्व्यवहार से संबंधित कानून
तेजाब हमले से जुड़े कानूनी प्रावधान
मध्यस्थता (मेडिएशन) के फायदे

न्याय रथ के माध्यम से जिले के लोगों को यह समझाने का प्रयास किया जाएगा कि लोक अदालत के जरिए वे अपने मामलों का त्वरित, सुलभ और कम खर्च में समाधान पा सकते हैं। यह पहल न्याय तक आमजन की पहुंच को आसान बनाने और कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button