स्टेशन रोड में महाजाम, फंसे रहे सैकड़ों वाहन
जाम के कारण यात्रियों, स्कूली बच्चों, राहगीरों और वाहन सवारों को हुई परेशानी


न्यूज विजन। बक्सर
सोमवार को स्टेशन रोड में गाड़ियां फर्राटे भरने की जगह रेंगने लगी। जाम के कारण वाहन सवारों, राहगीरों, स्कूल के बच्चों और यात्रियों को भारी फजीहत हुई। हलांकि, प्रशासन ने मुंडन संस्कार को लेकर आज के शुभ मुहूर्त को देखते हुए वाहनों का रूट निर्धारित कर दिया था। यातायात व्यवस्था को सुचारू ढंग से रखने के लिए चौक चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस व जवानों की तैनाती की गई थी। सारी तैयारी के बावजूद स्टेशन रोड में सुबह से ही जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई।
स्टेशन रोड में जाम के चलते सैकड़ों वाहन सवारों को फजीहत झेलनी पड़ी। देखते ही देखते जाम की समस्या इतनी गंभीर हो गई कि एक भी वाहन टस से मस नहीं हो पा रहा था। वाहन फर्राटा भरने की जगह रेंग रहे थे। दिन के करीब डेढ़ बजे तक वाहन सवार जाम में फंसे रहे। ज्योति प्रकाश चौक पर पुलिस को सड़क खाली कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लेकिन, मुंडन संस्कार को लेकर शहर में बड़े वाहनों के दबाव के आगे उनकी एक न चली रही थी। स्टेशन रोड जाम होने से बाजार समिति रोड, बाइपास रोड में भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
स्टेशन रोड में आधा दर्जन से अधिक स्कूल के वाहन फंसे रहे। बस में बैठे स्कूल के बच्चे काफी परेशान दिखे। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि आए दिन वाहन सवार और राहगीरों को जाम से जूझना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी यात्रियों को हुई। ट्रेन पकड़ने के लिए उन्हें ज्योति प्रकाश चौक से स्टेशन तक सामान के साथ पैदल जाना पड़ा।





