तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ली बाइक सवार की जान, मौके पर ही मौत
नावानगर प्रखंड मुख्यालय के पास हुआ हादसा, परिवार का इकलौता कमाने वाला था मृतक; पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर सौंपा परिजनों को


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के एनएच-120 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बासुदेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नावानगर प्रखंड मुख्यालय के समीप हुआ, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान बाबूगंज इंग्लिश निवासी 43 वर्षीय विनोद कुमार सिंह के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार सिंह इन दिनों नावानगर में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। शनिवार की सुबह वह घर से बाजार के लिए निकले थे। लौटने के दौरान प्रखंड मुख्यालय के पास यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बासुदेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जाता है कि विनोद कुमार सिंह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इलाके में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





