ACCIDENT

बलिया-बक्सर NH-31 पर तेज रफ्तार बाइक ट्रेलर में घुसी, सिमरी के युवक की मौत

निमंत्रण में जा रहे थे अजीत कुमार राय, रामपुर चीट गेट के पास हुआ हादसा; परिजनों में मचा कोहराम

न्यूज़ विज़न। बक्सर / बलिया 
उत्तर प्रदेश के बलिया जिला अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (बलिया-बक्सर मार्ग) पर सोमवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। रामपुर चीट गेट के समीप करीब शाम 6:55 बजे एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा टकराई। इस दर्दनाक टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

 

मृतक की पहचान अजीत कुमार राय (27) पुत्र शंकर राय, निवासी इमलीपुर, थाना सेमरी, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अजीत कुमार राय अपने रिश्तेदार के यहां निमंत्रण में शामिल होने के लिए 82 पुल के रास्ते नरही थाना क्षेत्र के सुरापाली जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह रामपुर चीट गेट के पास पहुंचे, उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चितबड़ागांव थाना के थानाध्यक्ष बृजेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और बाइक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button