OTHERS

अतिक्रमण पर नगर परिषद प्रशासन ने चलवाया बुलडोजर

नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर खाली कराया फुटपाथ

न्यूज विजन। बक्सर
शहर को जाम की समस्या और अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को सदर अस्पताल के मुख्य गेट से नया बाजार मठिया मोड़ तक फुटपाथ को सख्ती के साथ खाली कराया गया। दोपहर करीब दो बजे नगर परिषद के अधिकारियों की टीम, पुलिस बल के साथ ट्रैक्टर और जेसीबी लेकर सदर अस्पताल के पास पहुंच गई। यह नजारा देख दुकानदारों को माजरा समझते तनिक भी देर नहीं लगा। लोग खुद से कराकट के छज्जे को खोलकर हटाने लगे। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शाम के करीब चार बजे तक चली।

 

अभियान की शुरुआत सदर अस्पताल गेट से हुई। सड़क के दोनों तरफ गुमटी में चल रहे दुकानों को हटाया गया। फुटपाथ पर कर्नाटक लगा कई लोगों ने दुकानें बना ली थी। वहीं कुछ दुकानदारों ने सड़क किनारे फुटपाथ पर ईंट सिमेंट से पक्का निर्माण कराकर चाय और नाश्ता का दुकान चला रहे थे। ऐसे दुकानों को जेसीबी से तोड़वा दिया गया। इसके अलावा फुटपाथ पर स्थाई रूप से लगाए गये दुकानदारों का होर्डिंग को भी जेसीबी से हटाया गया। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने हल्का विरोध जताने की कोशिश की पर उनकी एक नहीं चली। सदर अस्पताल से लेकर नया बाजार मोड़ तक सख्ती के साथ अवैध कब्जा हटाते हुए फुटपाथ को खाली करा दिया गया।

 

अतिक्रमण हटाने के बाद उक्त स्थल पर दोबारा दुकान नहीं लगाने की सख्त चेतावनी दी गई। सफाई निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि फिर से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों का सामान जब्त करते हुए जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जाम की उत्पन्न हो रही समस्या का मुख्य कारण फुटपाथ पर अवैध कब्जा भी है। शहर में जाम की विकराल होती समस्या से निजात दिलाने के लिए फुटपाथ से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई जिला प्रशासन के निर्देश पर अभियान चलाकर की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अतिक्रमण हटाने को लेकर चलाए जा रहे अभियान से पूर्व उन सभी दुकानदारों को नगर परिषद प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किया गया है, जिन्होंने फुटपाथ पर अवैध कब्जा किए हैं।

प्रभारी सफाई निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि आगामी 24 अप्रैल को भी शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को शहर के पीपी रोड से लेकर मुनीम चौक, गोला बाजार रोड में फुटपाथ से किसी भी तरह के किये गये अब।जा को सख्ती के साथ हटाया जाएगा। अतिक्रमण हटाओ अभियान में नगर परिषद के सिटी मैनेजर नीरज कुमार झा, आशुतोष कुमार सिंह, मो वाहिद अहमद समेत अन्य कर्मचारियों के अलावा पुलिस बल को शामिल किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button