डुमरांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 79 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, कार भी जब्त
गुप्त सूचना पर शक्तिद्वार मोड़ के पास घर में छापेमारी, अंतरजिला नेटवर्क का खुलासा; एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई, पूरे गिरोह की तलाश जारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के डुमरांव में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने लगभग 78.965 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है। बरामद गांजे की कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सोमवार की शाम सूचना मिली थी कि नगर के शक्तिद्वार मोड़ के समीप एक घर में गांजे की बड़ी खेप रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी एसपी शुभम आर्य को दी गई, जिसके बाद उनके निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने जब चिन्हित घर की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की, तो घर के भीतर दो अलग-अलग स्थानों से कुल 78.965 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद मौके से घर के मालिक छोटे तुरहा समेत भीम कुमार और सत्येन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डुमरांव शक्तिद्वार रोड निवासी छोटे तुरहा (पिता- अस्पताली तुरहा), सिकरौल थाना क्षेत्र के भदार गांव निवासी भीम कुमार (पिता- सत्येन्द्र प्रसाद) तथा भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के मसाढ़ गांव निवासी सत्येन्द्र कुमार (पिता- जवाहिर तुरहा) के रूप में हुई है। एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सत्येन्द्र कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गजराजगंज ओपी में पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जिसमें वह फरार चल रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिला है कि सत्येन्द्र कुमार के नेतृत्व में यह गिरोह लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था। पुलिस को इस नेटवर्क की गतिविधियों की जानकारी पहले से मिल रही थी, जिसके बाद मुखबिरों का जाल बिछाकर पूरी योजना के तहत कार्रवाई की गई।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया जाता था और किन-किन क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति की जाती थी। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस कार्रवाई में एसडीपीओ के साथ डुमरांव सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, एसआई मतेन्द्र कुमार, गौतम कुमार, एएसआई अर्चना कुमारी, डीआईयू टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। एसडीपीओ ने बताया कि इस सफल कार्रवाई में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और टीम के सदस्यों को सम्मानित करने के लिए एसपी से अनुशंसा की जाएगी।





