महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में गणित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन, छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
बौद्धिक विकास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देने की दिशा में सफल पहल, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मिलेगा सम्मान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर स्थित महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के गणित विभाग द्वारा एक रोचक एवं ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और बौद्धिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में गणित विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके साथ सहायक प्राध्यापक डॉ. विरेन्द्र प्रसाद एवं डॉ. श्रीवास्तव ने भी आयोजन को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया। सभी शिक्षकों के समन्वय, मार्गदर्शन और मेहनत से प्रतियोगिता सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुई। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) कृष्णा कान्त सिंह ने कार्यक्रम का निरीक्षण किया और छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की क्विज प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास, तार्किक क्षमता एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना को सशक्त बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्रों को भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान वीक्षक (निरीक्षक) के रूप में सहायक प्राध्यापक डॉ. आलोक कुमार चतुर्वेदी, डॉ. विरेन्द्र कुमार, डॉ. नवीन शंकर पाठक एवं डॉ. अनुराग कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने प्रतियोगिता को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में अहम योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में यह घोषणा की गई कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर बल दिया गया।





