चौसा नगर पंचायत में विकास को मिली रफ्तार : श्मशान घाट पर हाई मास्ट लाइट और शव वाहन खरीद को मंजूरी
सशक्त स्थाई समिति की बैठक में स्ट्रीट लाइट, चापाकल, CCTV और सामुदायिक शेड सहित कई योजनाओं पर सर्वसम्मति से मुहर, होल्डिंग टैक्स में 30 मार्च 2026 तक पेनल्टी व ब्याज माफ


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मंगलवार को नगर पंचायत चौसा कार्यालय में सशक्त स्थाई समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद किरण देवी ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी द्वारा किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य पार्षद किरण देवी ने बताया कि आर एंड आर मद से श्मशान घाट पर दो हाई मास्ट लाइट लगाने तथा एक शव वाहन खरीदने की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत चौसा के समग्र विकास के लिए कई अहम निर्णय लिए गए हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि नगर पंचायत के सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुसार स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए आम लोगों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था हेतु समरसेबल के साथ टंकी लगाई जाएगी। जहां पीएचईडी द्वारा पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है, वहां चापाकल लगाने की योजना को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सामुदायिक शेड निर्माण, सीमेंटेड कुर्सियों की व्यवस्था तथा जरूरत के अनुसार CCTV कैमरों का विस्तार और हाई मास्ट लाइट लगाने का निर्णय लिया गया। नाली-गली से जुड़ी कई अन्य योजनाओं को भी स्वीकृति दी गई, जिनका क्रियान्वयन निविदा प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने कहा कि चौसा के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और सरकार के निर्देशों के अनुरूप नियम-कानून का पालन करते हुए सभी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक के दौरान मुख्य पार्षद किरण देवी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 30 मार्च 2026 तक होल्डिंग टैक्स पर लगने वाली पेनल्टी और ब्याज पूरी तरह माफ किया गया है। इसके लिए नगर पंचायत क्षेत्र में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर टैक्स जमा कर इस छूट का लाभ उठा सकें। इस बैठक में उप मुख्य पार्षद सरिता देवी, समिति सदस्य ललिता देवी, चंदन चौधरी, आनंद कुमार रावत, सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी मोहम्मद अरशद हैदर नक़वी तथा प्रभारी प्रधान सहायक सत्य प्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





