ACCIDENT

जिले में सड़क हादसों का कहर : दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत, तीन घायल

नावानगर में डंपर की टक्कर से एक की गई जान, परिजनों ने किया सड़क जाम | चमिला पुल पर अनियंत्रित बाइक पुल से टकराई, एक की मौके पर मौत

न्यूज़ विज़न। बक्सर 
जिले में सोमवार की देर शाम दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन घटनाओं में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

 

डंपर की टक्कर से युवक की मौत, दो घायल
पहली घटना वासुदेवा थाना क्षेत्र के बीपीएस हायर सेकेंडरी स्कूल, नावानगर के समीप हुई। मिली जानकारी के अनुसार एक बाइक पर सवार तीन युवक नावानगर बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नावानगर की तरफ से तेज गति से आ रही डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जीतवारीह गांव निवासी संतोष यादव के 20 वर्षीय पुत्र अशोक कुमार को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों की पहचान नावानगर थाना क्षेत्र के बुढ़ैला गांव निवासी सिकंदर यादव के पुत्र राहुल कुमार और राजेंद्र यादव के पुत्र छोटू यादव के रूप में हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

 

मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आक्रोशित परिजनों ने शव को लेकर सीएचसी के सामने डुमरांव-बिक्रमगंज पथ को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान, नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार तथा सिकरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।

चमिला पुल पर अनियंत्रित बाइक हादसा, एक की मौके पर मौत
दूसरी घटना सिकरौल थाना क्षेत्र के चमिला पुल के समीप हुई। बताया जा रहा है कि भोजपुर जिले के आयर गांव निवासी शिव बहादुर साह के पुत्र अप्पू कुमार और दिनेश साह के पुत्र अनिश कुमार चकिया गांव में तिलक समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चमिला पुल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई। हादसे में अप्पू कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अनिश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिकरौल थानाध्यक्ष अंकुश कुमार मंडल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर पुल से टकराने की बात सामने आई है। मृतक के परिजनों द्वारा थाना में आवेदन दिया गया है, जिस पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन से लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button