होली के रंग में रंगा बाजार, सज गई पिचकारी और मुखौटों की दुकानें
होली त्योहार को लेकर बाजार में चहल-पहल बढ़ी, लोगों ने जमकर की खरीदारी


न्यूज विजन। बक्सर
रंगों का त्योहार में होली आने में एक दिन बाकी है। बाजार होली के रंग में रंगा हुआ दिखा। शहर के सभी प्रमुख बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। खरीदारों में उमंग और उत्साह देखने लायक है। होली के त्योहार को यादगार बनाने की चाहत में लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। व्यवसायियों को इस बार होली में अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है। बाजार का रंग ढंग देखते हुए दुकानदारों ने अच्छी तैयारी की है।
बनारस और कोलकाता से एक से एक पिचकारी, मुखौटा और हेयर स्टाइल का विग मंगा रखे हैं। बाजार में दुकानों पर सजी रंग-विरंगी पिचकारी, भूत, प्रेत, बैताल वाला मुखौटा युवाओं और बच्चों को आकर्षित कर रहा है। शहर के ठठेरी बाजार मोड़, मेन रोड, मुनीम चौक, रामरेखा घाट रोड, स्टेशन रोड, गोलंबर समेत अन्य बाजारों में पिचकारी, मुखौटा, टोपी, विभिन्न डिजाइन के विग आदि की दुकानें सज गई है।
मेन रोड के दुकानदार शिवजी चौरसिया, सूरज जायसवाल, लक्ष्मण प्रसाद समेत अन्य दुकानदारों ने बताया कि श्रीलंका का क्रिकेटर लसिथ मलिंगा का हेयर स्टाइल वाला विग और लांग बाल वाला विग को बच्चे और युवा पसंद कर रहे हैं। होली का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आएगा बिक्री में और तेजी आएगी। बताया कि सुबह आठ बजे से लेकर रात नौ बजे तक खरीदारों से बाजार गुलजार रह रहा है। दुकानदार सूरज ने बताया कि 10 रुपए से 900 रुपए पीस पिचकारी और हर रेंज में होली स्पेशल टोपी, मुखौटा आदि उपलब्ध है।





