तीन दर्दनाक अलग अलग हादसे में युवती समेत तीन की मौत, परिवारों में मचा कोहराम


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले में गुरुवार का दिन तीन अलग-अलग हादसों के कारण मातम में बदल गया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में एक युवती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस सभी स्थानों पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। तीनों परिवारों में घटना के बाद से रो-रोकर बुरा हाल है।
शिव मंदिर के पास पोखरे में डूबने से युवती की मौत
पहली घटना ब्रह्मपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार द्वारिका राम की पुत्री नेहा कुमारी गुरुवार की सुबह गांव के शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई थी। पूजा के दौरान वह मंदिर के बगल स्थित पोखरे के पास किसी काम से गई। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती को डूबते देख आसपास के लोग तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़े। काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नहर में गिरी बाइक, युवक की गई जान
दूसरी घटना बासुदेवा थाना क्षेत्र के मौनिया बाबा–केसठ नहर मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि नावानगर थाना क्षेत्र के कतिकनार गांव निवासी स्वर्गीय त्रिलोकी सिंह के पुत्र संजय सिंह कोका-कोला कंपनी से काम खत्म कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। गोविंदपुर गांव के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पानी भरे नहर में पलट गई। दुर्घटना में उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
एनएच 922 पर ट्रक पलटा, चालक की रास्ते में मौत
तीसरी घटना एनएच 922 पर प्रतापसागर के समीप हुई। ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को ट्रक से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया। हालांकि वाराणसी ले जाने के क्रम में रास्ते में ही चालक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
तीनों घटनाओं के बाद संबंधित थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सभी घटनाएं हादसा प्रतीत हो रही हैं। इधर, एक ही दिन में तीन लोगों की मौत से जिले में शोक की लहर है और पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है।





