26 मई को किला मैदान में होने वाले सामूहिक विवाह में वधुओं का श्रृंगार निःशुल्क करेंगी मेकअप आर्टिस्ट चारु
चिड़िया मेकअप गैलरी, एनएच-922 चुरामनपुर की चारु सिन्हा का ऐतिहासिक सामूहिक विवाह में सेवा का संकल्प


न्यूज़ विज़न। बक्सर
आगामी 26 मई को बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित होने जा रहे भव्य सामूहिक विवाह समारोह में सेवा और संवेदना की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। चिड़िया मेकअप गैलरी, एनएच-922 चुरामनपुर की जानी-मानी मेकअप आर्टिस्ट चारु ने इस आयोजन में शामिल होने वाली सभी वधुओं के श्रृंगार की पूरी जिम्मेदारी स्वयं लेने की घोषणा की है।
मेकअप आर्टिस्ट चारु ने बताया कि उन्होंने विवाह आयोजन से जुड़े ओमजी भैया को स्पष्ट रूप से अवगत करा दिया है कि इस सामूहिक विवाह में जितनी भी बेटियां विवाह के बंधन में बंधेंगी, उनके रूप-सज्जा का कार्य वह खुद अपने हाथों से करेंगी। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए केवल एक कार्य नहीं, बल्कि सेवा और सौभाग्य है। चारु ने भावुक शब्दों में कहा कि ईश्वर ने हमें जो कला दी है, अगर उससे हम किसी बेटी के काम आ सकें, तो हमारा जीवन सार्थक और धन्य हो जाता है। समाज में ऐसे कार्य ही इंसानियत को जीवित रखते हैं। उन्होंने इस पुनीत आयोजन को सफल बनाने में लगे सभी सहयोगियों के प्रति आभार प्रकट किया। विशेष रूप से अजय मानसिंहका, गायक व अभिनेता अरविन्द अकेला ‘कल्लू’, और सिकंदर यादव की सराहना करते हुए कहा कि ये सभी लोग इस आयोजन को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से जुटे हुए हैं। साथ ही, चारु ने आयोजन के सूत्रधार ओमजी भैया का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें इस पुण्य कार्य में सहभागिता के योग्य समझा, जिसके लिए वह सदैव आभारी रहेंगी।
अंत में, मेकअप आर्टिस्ट चारु ने समाज के सभी भाइयों, बहनों और माताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि तन-मन-धन से सहयोग संभव न हो, तो कम से कम समय देकर ही सही, इस पुण्य कार्य में सहभागी बनें और सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं। किला मैदान में होने वाला यह सामूहिक विवाह समारोह न सिर्फ सामाजिक समरसता का प्रतीक बनेगा, बल्कि इसमें जुड़ी ऐसी सेवाभावनाएं इसे ऐतिहासिक और यादगार बना देंगी।





