जिला पशुपालन कार्यालय में वरिष्ठ परिचारी संजय कुमार मिश्रा को दी गई भावभीनी विदाई
सेवानिवृति पर विदाई सह सम्मान समारोह, अधिकारियों व कर्मियों ने साझा किए कार्यकाल के अनुभव


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शनिवार, 31 जनवरी को जिला पशुपालन कार्यालय परिसर में कार्यालय के वरिष्ठ परिचारी संजय कुमार मिश्रा के सेवानिवृति के अवसर पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पशु शल्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने की।
समारोह का शुभारम्भ डॉ. विजय कुमार सिंह द्वारा सेवानिवृत कर्मी संजय कुमार मिश्रा को बुके भेंट कर एवं माला पहनाकर किया गया। इसके पश्चात कार्यालय के एक-एक कर सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने संजय मिश्रा को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके साथ बिताए गए कार्यकाल की स्मृतियों को साझा किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने संजय मिश्रा के कार्यकाल की खुले दिल से प्रशंसा की। पदाधिकारियों और कर्मियों ने कहा कि संजय मिश्रा अपने दायित्वों के प्रति सदैव कर्तव्यनिष्ठ, सहयोगी और अनुशासित रहे। कई कर्मियों ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके साथ कार्य करना हमेशा सहज और सहूलियत भरा रहा। कार्यालय में किसी भी कार्य को लेकर जब किसी को कठिनाई होती थी, तो संजय मिश्रा पूरे धैर्य के साथ सहयोग करते थे और समस्या का समाधान निकालने में मदद करते थे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि संजय मिश्रा जैसे अनुभवी और कर्मठ कर्मचारी किसी भी कार्यालय की मजबूत आधारशिला होते हैं। उनका सेवाकाल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। विदाई समारोह में डॉ. शंभु शरण, डॉ. मनोज भारती, डॉ. आशुतोष कुमार सुमन, डॉ. सतेंद्र, प्रीति, मृदुला, विद्यासागर मिश्र, सुरेन्द्र कुमार राम, तारकेश्वर प्रसाद, मनोज, राजेश कुमार सहित कार्यालय के सभी कर्मी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी ने संजय कुमार मिश्रा के स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।





