बक्सर प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने विभिन्न मंदिरों का किया दौरा, वामनेश्वर मंदिर का विकास करने का ऐलान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार सरकार की मंत्री एवं बक्सर जिला प्रभारी मंत्री रमा निषाद, जो अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री हैं, ने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर बक्सर का दौरा किया। अपने आगमन के बाद मंत्री ने किला मैदान में आयोजित भव्य समारोह में परेड का निरीक्षण किया और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने देश की एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के पश्चात प्रभारी मंत्री ने बक्सर के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का दर्शन-पूजन किया। सबसे पहले उन्होंने नाथ बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद रामरेखा घाट स्थित रामेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का दर्शन किया। तत्पश्चात उन्होंने बड़ी मठिया में प्रभु श्रीराम के चरण पादुका का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
अपने धार्मिक भ्रमण को आगे बढ़ाते हुए मंत्री रमा निषाद केंद्रीय कारा परिसर स्थित वामनेश्वर भगवान वामन मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान वामन का विधिवत दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बक्सर धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध भूमि है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वामनेश्वर मंदिर को जल्द ही पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि देश-प्रदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक यहां की धार्मिक विरासत से रूबरू हो सकें। मौके पर वामन चेतना मंच के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य बक्सर के धार्मिक स्थलों का समुचित विकास कर उन्हें राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना है। इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री के इस दौरे से बक्सरवासियों में उत्साह और उम्मीद का माहौल देखने को मिला।





