ग्लोबल विजडम स्कूल में पांच दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मंगलवार को ग्लोबल विजडम स्कूल, रेलवे क्रॉसिंग के समीप ईटाढ़ी में आयोजित पांच दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस खेल महोत्सव का उद्घाटन कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा नेत्री एवं लाइफ कोच वर्षा पाण्डेय द्वारा किया गया।
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि वर्षा पाण्डेय ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट का निरीक्षण कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात खेल प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ आकाश में रंग-बिरंगे बैलून उड़ाकर किया गया, जिससे पूरा वातावरण खेल भावना और उत्साह से भर उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के निर्देशक प्रकाश पाण्डेय, उपनिर्देशक अमित पाण्डेय तथा प्रधानाचार्या निशा राय की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि वर्षा पाण्डेय ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। उन्होंने बच्चों को पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। वार्षिक खेल प्रतियोगिता के प्रथम दिवस छात्र एवं छात्राओं के लिए कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट जैसी रोमांचक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के जोश और खेल कौशल ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

विद्यालय के निर्देशक प्रकाश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उतने ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में नेतृत्व क्षमता, सहनशीलता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को विकसित करते हैं। इस आयोजन को सफल बनाने में ग्लोबल विजडम स्कूल के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को खेलों के प्रति जागरूक करना तथा शारीरिक फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।
पांच दिवसीय इस वार्षिक खेल महोत्सव में आने वाले दिनों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का भरपूर अवसर मिलेगा।





