सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में छात्र छात्राओं ने एक से बढ़कर एक चित्रकारी, हुए पुरस्कृत
बक्सर की सांस्कृति, ऐतिहासिक और अध्यात्मिक धरोहरों की उतारी तस्वीर




न्यूज विजन | बक्सर
केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे की पहल पर स्थानीय एमपी हाई स्कूल में स्कूली बच्चों में अपनी सभ्यता संस्कृति और अपने जिले के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व पर सांसद सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बक्सर लोकसभा के सभी विधानसभा क्षेत्रों से 602 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में शामिल बच्चों ने बक्सर की सांस्कृति, ऐतिहासिक और अध्यात्मिक धरोहरों की तस्वीर उकेरी। उनके कला को देख लोग दंग रह गये।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में मौजूद स्थानीय सांसद सह केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि बच्चे देश के कर्णधार हैं। नियमित अंतराल पर उनकी प्रतिभाओं को निखारने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इनमें सामाजिक कर्तव्यों के प्रति संवेदनशीलता देखकर अच्छा लगता है। रविवार को बक्सर में आयोजित सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में बच्चों के साथ कुछ समय बिताने का मौका मिला। बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति जागरूकता एवं जानकारी के लिए मेरे पहल पर सांसद सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसमें बढ़-चढ़कर स्कूली बच्चों ने भाग लिया। बच्चे सड़क सुरक्षा, बक्सर के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विषयों पर चित्रकारी और निबंध प्रतियोगिता में शामिल हुए।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मिलेगा संसद भ्रमण का मौका
इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अभिभावकों के साथ आगामी संसद सत्र में संसद भवन का भ्रमण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमित अंतराल पर सांसद सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय राज्य मंत्री चौबे ने बच्चों के साथ संवाद किया। उनकी पढ़ाई के साथ अन्य रुचियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बच्चों का उत्साह देखते बन रहा था। मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बक्सर अध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण शहर है। इसके बारे में वेद पुराणों से लेकर इतिहास के किताबों में सभी पढ़ते हैं। बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति लगाव हो तथा वे अपनी ऐतिहासिक स्थानों को जान समझ सके, इस ध्येय से इसका आयोजन किया गया था। उन्होंने सभी से मेरी माटी मेरा देश एवं हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद चौबे ने प्रशस्ति पत्र मोमेंटो देकर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाया गया।









