युवक को गोली मारकर घायल किया, गंभीर हालत में रेफर
गर्दन में फंसी है गोली, प्राथमिक उपचार के बाद फिर रेफर


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के बगेन गोला थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराढ़ गांव में शुक्रवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां गांव के ही युवक को उसके दरवाजे के समीप गोली मार दी गई। गोली लगने से घायल युवक को आनन-फानन में रघुनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल बक्सर में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। जांच के बाद चिकित्सक डॉ. सौरभ राय ने बताया कि युवक को लगी गोली उसकी गर्दन में फंसी हुई है, जिसे तत्काल विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता है। इसी वजह से घायल युवक को बेहतर इलाज हेतु हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घटना के समय कहीं जा रहा था युवक
मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक देव प्रकाश गोंड किसी कार्य से घर से बाहर निकला था। तभी गांव के ही एक अन्य युवक ने उस पर अचानक गोली चला दी। गोली सीधे उसकी गर्दन में जाकर लगी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए जख्मी युवक को उठाकर एम्बुलेंस के सहारे अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही बगेन गोला थाना पुलिस तुरंत गांव में पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों से पूछताछ कर हमलावर से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल युवक की पहचान हो चुकी है और घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
उधर, सदर अस्पताल में पहुंचे नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घायल की स्थिति गंभीर है और उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। मामला बगेन पुलिस को सौंपा गया है, जो पूरे प्रकरण की छानबीन में जुट गई है। गोलीकांड के बाद पिपराढ़ गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में घटना को लेकर रोष देखा जा रहा है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने इलाके में अपनी गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। घायल देव प्रकाश गोंड की स्थिति फिलहाल गंभीर बताई जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।





