पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगा पीड़िता दर्ज कराई एफआईआर




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले में दहेज उत्पीड़न और पारिवारिक प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर न केवल दहेज में एक लाख रुपये नगद, सोने की सिकड़ी, पलंग और मोटरसाइकिल की मांग करने का आरोप लगाया है, बल्कि विरोध करने पर मारपीट और घर से बेदखल करने का भी आरोप लगाया है। इस मामले में पीड़िता ने महिला थाना बक्सर में एफआईआर दर्ज कराई है।









मिली जानकारी के अनुसार, कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती सोनी कुमारी की शादी 23 अप्रैल 2024 को वाराणसी निवासी विष्णु सेठ (पिता – सचितानन्द वर्मा) से हुई थी। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ ही समय बाद पति और ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग शुरू कर दी। पीड़िता का कहना है कि उसके पति, सास, जेठानी और ननदें लगातार दहेज के लिए दबाव बना रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो उसे गाली-गलौज और मारपीट का सामना करना पड़ा।






पति पर नाजायज संबंध का भी आरोप
सोनी कुमारी ने अपने पति विष्णु सेठ पर अपनी भाभी गीता देवी से नाजायज संबंध होने का आरोप भी लगाया है। उसने बताया कि जब उसने इस संबंध को लेकर पति से सवाल किया तो उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि 29 जून 2024 की रात करीब 10:30 बजे ससुराल वालों ने उसके गहने छीन लिए और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह अपनी 5 माह की बच्ची के साथ मायके में रह रही है।
महिला थाना में दर्ज हुई एफआईआर
पीड़िता ने पति, सास, जेठानी और ननदों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट की शिकायत महिला थाना में दर्ज कराई है। महिला थानाध्यक्ष मधुबाला भारती ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपितों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

