डॉ. वंदना भगत को भाजपा युवा मोर्चा में बड़ी जिम्मेदारी, युवती संपर्क प्रदेश प्रभारी नियुक्त




न्यूज़ विज़न। बक्सर
भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश कार्यालय में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान डुमरांव की डॉ. वंदना भगत को युवती संपर्क प्रदेश प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। डॉ. वंदना भगत मूल रूप से डुमरांव की रहने वाली हैं और छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। वंदना भगत का सामाजिक और संगठनात्मक अनुभव अत्यंत समृद्ध रहा है। वे पूर्व में राष्ट्र सेविका समिति की नगर कार्यवाहिका, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर छात्रा प्रमुख, प्रांत छात्रा प्रमुख और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रह चुकी हैं। साथ ही वे समिति की प्रथम वर्ष प्रशिक्षित कार्यकर्ता भी हैं। इसके अतिरिक्त उन्हें महिला समन्वय विभाग सह-संयोजिका का भी दायित्व सौंपा गया है।






शैक्षणिक रूप से भी डॉ. वंदना ने उत्कृष्टता हासिल की है। उन्होंने मगध विश्वविद्यालय से पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। उनके पिता राजीव कुमार भगत वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता हैं, जबकि उनकी माता ओम ज्योति भगत भाजपा की जिला मंत्री हैं। उनके दादा सच्चिदानंद भगत बक्सर जिले के वरिष्ठतम भाजपा नेताओं में से एक हैं और वे भाजपा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. वंदना भगत ने कहा कि, “भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जो विश्वास मुझ जैसी एक साधारण कार्यकर्ता पर जताया है, उस पर मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करूंगी। मैं युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भारतेन्दु मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जयसवाल, संगठन महामंत्री भीखु भाई दलसानिया सहित समस्त शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट करती हूं।”


डॉ. वंदना भगत को मिली इस नई जिम्मेदारी से डुमरांव और पूरे बक्सर जिले में उत्साह का वातावरण है। उन्हें बधाई देने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अविनाश पाठक समेत पार्टी के अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हैं। सभी ने वंदना के नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

