विकास की बाधा हो गई दूर, बिनोद व संजू सिंह ने दिया लैपटॉप, किया हौसला अफजाई




वेस्टेड प्लास्टिक से पेट्रोल बना अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था विकास, आगे और अविष्कार करेगा
न्यूज विजन | बक्सर
वेस्टेड प्लास्टिक से पेट्रोल बनाने वाला बक्सर जिले के लाल विकास कुमार मौर्य को उत्तर प्रदेश स्थित मिर्जापुर के जिला कमांडेंट बिनोद कुमार सिंह और लोक गायिका सह लखनऊ की प्रोफेसर संजू सिंह ने लैपटप देकर हौसला अफाजाई की। कमांडेंट बिनोद ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह लड़का काफी मेधावी है। पढ़ाई के साथ प्लास्टिक से पेट्रोल बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया है। बताया कि उसे अपने प्रोजेक्ट को और आगे ले जाने में बाधा आ रही थी। उसी बाधा को दूर करने के लिए यह एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने विकास को आगे भी मदद करने का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि महज 15 वर्ष के उम्र में वेस्टेड प्लास्टिक से पेट्रोल बनाने का अनोखा फर्मूला इजाद किया है। निश्चित रूप से वह जूनियर साइंटिस्ट है और सही दिशा और सरकारी सहयोग मिला तो काफी आगे जाएगा। बता दें कि विकास बक्सर जिले के राजपुर थाना के नागरपुर गांव का रहने वाला है। उसके पिता चंद्रजीत सिंह कुशवाहा राज मिस्त्री का काम करते हैं। उन्होंने कम कमाई के बावजूद अपने सबसे छोटे बेटे विकास का साथ देने में कोई कोताही नहीं बरत रहे। निश्चित रूप से विकास के पिता आर्थिक रूप से मजबूत नहीं हैं। लेकिन, उनका हौसला कभी पस्त नहीं हुआ। कहा कि ऐसा अक्सर देखने को मिलता है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते होनहार युवा और युवतियों की प्रतिभा दब जाती है। सरकार और जनप्रतिनिधियों को ऐसी प्रतिभा को मुकाम तक पहुंचाने के लिए आगे आना चाहिए। मौके पर विकास के पिता चंद्रजीत सिंह कुशवाहा व परिवार के सदस्य मौजूद थे।

