चार दिनों के परिभ्रमण पर रवाना हुए कैम्ब्रिज स्कूल के छात्र छात्राएं
पटना, गया, बोधगया, नालंदा एवं राजगीर भ्रमण कर करेंगे ज्ञान अर्जित




न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के कैंब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा दसवीं के 33 छात्र-छात्राओं का दल शैक्षणिक परिभ्रमण हेतु पटना, गया, बोधगया, नालंदा एवं राजगीर के लिए रवाना हुआ। इस शैक्षणिक परिभ्रमण दल का नेतृत्व एग्जीक्यूटिव प्राचार्य बी. एस. राव, शिक्षक शशिकांत ओझा, संतोष ओझा एवं शिक्षिका बी. शारदा कर रहे हैं।







परिभ्रमण दल के बस को विद्यालय निदेशक डॉ मोहन चौबे, एग्जीक्यूटिव प्राचार्य बी. एस. राव, प्राचार्य मिथिलेश कुमार चौबे ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस परिभ्रमण का उद्देश्य बच्चों को भारतीय सभ्यता संस्कृति एवं विरासत से अवगत कराना है। अपने परिभ्रमण में बच्चे पटना पुस्तक मेला, महाबोधि मंदिर, जापानी एवं तिब्बती मंदिर, विष्णुपद मंदिर, प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय, विश्व शांति स्तूप, वीरायतन, राजगीर ग्लास ब्रिज जैसी जगह का अवलोकन कर ज्ञान अर्जित करेंगे। यह दल चार दिनों के लिए परिभ्रमण पर है।

निदेशक डॉ मोहन चौबे ने कहा कि इन स्थलों का भ्रमण कराने से बच्चों में मानसिक एवं बौद्धिक क्षमता का विकास होता है। बच्चे अपनी आंखों से स्वयं दर्शनीय स्थलों को अवलोकन कर अनुभव प्राप्त करेंगे। इसके साथ ही नालंदा विश्वविद्यालय पांचवीं शताब्दी की दुनिया के सबसे पुराने विश्वविद्यालयों में से एक नालंदा विश्वविद्यालय व इसके खंडहर और वर्तमान सेटअप जो कि प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के रेप्लिका के रूप में भारत सरकार द्वारा पुनर्जीवित किया गया है यहां भ्रमण कर पूरी जानकारी प्राप्त करेंगे।

