शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर चार जोन में बंटा नप के 42 वार्ड
भगवान वामन जोन, गौरीशंकर जोन, राणी सती माता जोन और माता अहिल्या जोन में बंटा नगर परिषद




न्यूज विजन | बक्सर
धार्मिक नगरी बक्सर को चार जोन में बांटकर शहर की साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार लाने की पहल की गई। जिसको लेकर सोमवार को नगर परिषद की ईओ ने बैठक कर जिम्मेवारियां सौंपी गई। तीन जोन में 10-10 और एक जोन में 12 वार्ड को शामिल किया गया है।
बैठक के दौरान ईओ प्रेम स्वरूपम ने कहा कि अब जोन वाइज शहर की सफाई होगी। इसके लिए प्रत्येक जोन में एक सेनेटरी इंस्पेक्टर की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं उनकी मॉनीटरिंग के लिए आशुतोष कुमार सिंह को मुख्य सफाई निरीक्षक के रूप में चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि बक्सर एक अध्यात्मिक नगरी है। इसकी महता को देखते हुए जोन का नामकरण किया गया है। इसके लिए 4 जोन बनाए गए हैं। भगवान वामन जोन, भगवान गौरीशंकर जोन, राणी सती माता जोन और माता अहिल्या जोन के रूप में शहर को बांटा गया है। भगवान वामन जोन के लिए अमित कुमार को सेनेटरी इंस्पेक्टर बनाया गया है। वहीं भगवान गौरीशंकर जोन के लिए विजय चौरसिया, राणी सती माता जोन के लिए राजेश श्रीवास्तव और माता अहिल्या जोन के लिए रोहित सिंह को सेनेटरी इंस्पेक्टर बनाया गया है।
ईओ प्रेम स्वरूपम ने बताया कि जिन सेनेटरी इंस्पेक्टर को जिस जोन की जिम्मेवारी दी गई है। उन्हें उसमें शामिल किये गये वार्ड में सुबह 5 बजे से लेकर 12 बजे दिन तक भ्रमणशील रहना है। इस दौरान वे सफाई-सफाई की व्यवस्था देखेंगे। इसके बाद वे शाम 3 बजे तक अपना प्रतिवेदन मुख्य सफाई निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह को रिपोर्ट देंगे। सभी सेनेटरी इंस्पेक्टर से प्राप्त रिपोर्ट को कंपाइल कर मुख्य सफाई निरीक्षण ईओ को समर्पित करेंगे। उक्त रिपोर्ट के अनुसार ईओ और मुख्य पार्षद शहर की सफाई की व्यवस्था और कैसे दुरूस्त किया जाए या सफाई एजेंसी के कार्य में क्या कमी है इस पर मंथन करेंगे।









