OTHERS

बक्सर पब्लिक स्कूल में भावुक विदाई समारोह, नम आंखों से दी गई कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं

निदेशक निर्मल कुमार सिंह ने कहा– “विद्यालय से विदा हो रहे हैं, रिश्तों से नहीं”; नौवीं के छात्रों ने उपहार देकर दी मंगलकामनाएं

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर के बाजार समिति रोड स्थित बक्सर पब्लिक स्कूल में मंगलवार को कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं के लिए भव्य एवं भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह भावनाओं से सराबोर रहा। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति में समारोह यादगार बन गया।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक निर्मल कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को उनके उज्जवल एवं मंगलमय भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे विद्यालय से विदा जरूर हो रहे हैं, लेकिन उनका विद्यालय से रिश्ता हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि आपकी शैक्षणिक यात्रा निरंतर आगे बढ़े और आप अपने लक्ष्य को ईमानदारी व मेहनत से प्राप्त करें। यह आप सबों का स्कूल है। जब भी जरूरत हो, विद्यालय प्रबंधन आपके साथ खड़ा रहेगा। वहीं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रीति सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का भी विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को सदैव सत्य, अनुशासन और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी, ताकि उनका जीवन सफल, सुखमय और जनकल्याणकारी बन सके।

 

समारोह के दौरान कक्षा नौवीं के छात्र-छात्राओं ने अपने सीनियर्स को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्मृति साझा करने के दौरान कई विद्यार्थी अपने स्कूल के सुनहरे पलों को याद कर भावुक हो गए। विद्यालय से विदा लेते समय शिक्षकों और विद्यार्थियों की आंखें नम हो गईं। पूरे परिसर में भाव-विभोर वातावरण बन गया। बच्चों के चेहरे पर भविष्य के सपनों की चमक थी, तो विदाई की कसक भी साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम में बतौर अतिथि डॉ. महेंद्र प्रसाद, डॉ. तनवीर फरीदी, सत्यदेव प्रसाद, डॉ. शशांक शेखर, श्रवण तिवारी, अजय मानसिंहका सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को आशीर्वाद प्रदान किया। विदाई समारोह ने यह साबित कर दिया कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि भावनाओं और रिश्तों का भी संगम होता है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button