राज्य खेल सम्मान समारोह में सम्मानित हुई जिले की ताइक्वांडो खिलाड़ी सृष्टि राज, लोगों ने दी बधाइयां




न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा 5 सितंबर को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित बिहार राज्य खेल सम्मान समारोह-2024 में जिले की ताइक्वांडो खिलाड़ी सृष्टि राज को बिहार राज्य खेल सम्मान से सम्मानित किया गया। इस समारोह में खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता, ओलंपिक पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्र शंकरन समेत कई गणमान्य अतिथियों ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों को प्रशस्ति चिह्न एवं चेक प्रदान किए।








सृष्टि राज की इस उपलब्धि ने बक्सर जिले का नाम रोशन किया है। सृष्टि राज को मिले इस सम्मान पर ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील कुमार, सचिव संजय कुमार सिंह और ताइक्वांडो कोच शैलेश सिंह ने भी खुशी जताई और सृष्टि की मेहनत को सराहा। सृष्टि के माता-पिता और संघ के अन्य सदस्यों ने भी उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।सृष्टि की इस उपलब्धि को उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम बताया जा रहा है, जिसने उन्हें इस सम्मान के योग्य बनाया।




