चौंगाई में जमीनी विवाद में हुयी गोलीबारी की घटना से ग्रामीणों में दहशत, आधा दर्जन अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के मुरार थाना क्षेत्र अंतर्गत चौंगाई गांव में रविवार की सुबह जमीन विवाद में गोलीबारी की घट्न से गांव दहल उठा। एक पक्ष के समर्थन में दूसरे गांव से आए अपराधियों ने ताबड़तोड़ आठ-दस राउंड फायरिंग कर दिया। जिससे गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया। हालांकि इस घटना के प्रतिरोध में दूसरे पक्ष द्वारा ईंट पत्थर भी चलाया गया। जिससे भगदड़ मच गई तथा कुछ लोग आंशिक रूप से जख्मी भी हुए है। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। वही पुलिस ने मौके से खोखा बरामद किया है, जो इस बात की पुष्टि कर रही है कि यहां फायरिंग हुई है।








घटना के सम्बन्ध में प्राप्त जानकारी के अनुसार जमीनी विवाद में बाइक सवार करीब आधा दर्जन अपराधियों ने इस घटना को अंजाम देने के बाद कट्टा लहराते आराम से फरार हो गए। जबकि घटना के बाद से गांव में जबदस्त तनाव है, पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। सूचना मिलते ही डुमरांव डीएसपी अफाक अख्तर अंसारी भी चौगाईं पहुंच जांच पड़ताल में जुट गए है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के नन्हें सिंह के पाटीदार की एक जमीन बक्सर में थी जिसे देवी कुमार सिंह के पुत्र सोनू कुमार सिंह ने बिचौलिए की भूमिका निभा बिक्री करवा दिया है। इसी बात से दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि कई बार यह विवाद हिंसक रूख अख्तियार कर चुका था। वही शनिवार की रात डुमरांव में आयोजित एक शादी समारोह में भी दोनों पक्ष आमने सामने आ गए थे। लेकिन लोगों ने बीच बचाव कर उन्हें वहां से हटा दिया। रविवार की सुबह भी चौगाई में पंचायती हुई थी तथा दोनों पक्ष शांत हो गए थे। लेकिन फिर थोड़ी देर बाद ही पहले फोन पर एक दूसरे को गाली गलौज देने लगे। जिसके बाद विवाद बढ़ गया तथा एक पक्ष के कुछ असमाजिक तत्व चौगाईं पहुंचे और आते ही दहशत मचाने के लिए फायरिंग करना शुरू कर दिए। जिससे गांव में अफरा तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराया गया था। जबकि पुलिस फायरिंग करने वालों के शिनाख्त में जुट गई है।



डुमरांव डीएसपी अफाक अख्तर अंसारी ने बताया की चौगाईं में जमीन विवाद में फायरिंग किया गया है। फायरिंग करने वाले दूसरे गांव से आए थे। उनकी पहचान की जा रही है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

