वार्ड 16 के परिसीमन पर बवाल, गोला बाजार को हटाने के आरोप पर मोहल्लेवासियों का जोरदार विरोध


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर नगर परिषद के वार्ड संख्या 16 के परिसीमन की चल रही प्रक्रिया को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। वार्ड के महत्वपूर्ण हिस्से गोला बाजार को वार्ड संख्या 16 से हटाकर किसी अन्य वार्ड में शामिल किए जाने की कथित कोशिश के विरोध में मोहल्लेवासियों ने बैठक कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने परिसीमन की प्रक्रिया में कथित धांधली, अनाधिकृत दबाव और मनमानी किए जाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मोहल्लेवासियों की ओर से इस संबंध में बिहार राज्य निर्वाचन आयोग, अपर सचिव नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार तथा जिला पदाधिकारी, बक्सर को लिखित आवेदन एवं ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई है।
गोला बाजार को वार्ड 16 में यथावत रखने की मांग
वार्ड संख्या 16 के पार्षद प्रतिनिधि विजय राजभर ने बताया कि गोला बाजार वार्ड संख्या 16 का महत्वपूर्ण एवं प्रमुख हिस्सा है। इसे वार्ड से अलग करने का प्रयास किए जाने की जानकारी से स्थानीय लोगों में गहरा असंतोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में वार्ड की सीमा में बदलाव करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिसीमन में वार्ड की भौगोलिक स्थिति, स्थानीय लोगों की सुविधा और जनभावनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। एकतरफा तरीके से सीमा में बदलाव करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर कथित मनमाने फैसले के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया है।
आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक होने से पहले सूचना मिलने पर उठे सवाल
विजय राजभर ने कहा कि परिसीमन से संबंधित आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक होने से पहले ही कुछ सामाजिक तत्वों तक इसकी जानकारी पहुंच जाना भी गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि परिसीमन की पूरी प्रक्रिया को सार्वजनिक और निष्पक्ष तरीके से किया जाना चाहिए, ताकि किसी क्षेत्र अथवा नागरिक के साथ अन्याय न हो। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि किसी प्रकार के दबाव या प्रभाव में सीमा परिवर्तन किया गया तो इससे स्थानीय जनता के बीच प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा होगा।
जांच पूरी होने तक अंतिम निर्णय पर रोक की मांग
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि वार्ड संख्या 16 के परिसीमन की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जांच पूरी होने तक परिसीमन से संबंधित किसी भी अंतिम निर्णय अथवा सूचना पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही परिसीमन से जुड़े सभी मूल दस्तावेज, नक्शे और प्रस्ताव सुरक्षित रखने की मांग की गई है, ताकि उनमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ की आशंका न रहे। मोहल्लेवासियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मुख्य मांग गोला बाजार को वार्ड संख्या 16 में यथावत बनाए रखने और परिसीमन की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करने की है।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
विजय राजभर ने कहा कि यह मामला महज वार्ड की सीमा में बदलाव का नहीं, बल्कि नगर परिषद की निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनता के विश्वास से जुड़ा हुआ है। यदि जनभावनाओं के विपरीत कोई निर्णय लिया गया या शिकायतों का निष्पक्ष समाधान नहीं किया गया, तो मोहल्लेवासी आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे। फिलहाल वार्ड संख्या 16 के परिसीमन को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध तेज हो गया है। अब लोगों की नजर प्रशासन और निर्वाचन आयोग की ओर है कि शिकायत पर क्या कार्रवाई की जाती है और परिसीमन की प्रक्रिया को किस तरह आगे बढ़ाया जाता है।
वीडियो देखें :





