OTHERS

जनसुनवाई में पहुंचे 30 आवेदन, राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें सबसे अधिक

अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह व जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर समाहर्ता बक्सर अरुण कुमार सिंह एवं अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान ने संयुक्त रूप से विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतों और समस्याओं को लेकर पहुंचे तथा अधिकारियों के समक्ष कुल 30 आवेदन प्रस्तुत किए।

 

जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों में सबसे अधिक मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। कुल 30 आवेदनों में 12 आवेदन राजस्व विभाग, 9 आवेदन विकास से संबंधित तथा 9 आवेदन अन्य संबंधित विभागों से जुड़े थे। विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष विस्तार से रखा और उनके समाधान की मांग की। अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की बात को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। अधिकारियों ने संबंधित विभागों से जुड़े मामलों की जानकारी लेते हुए मौके पर ही संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए।

 

जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने आम लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर देखा जा रहा है। सभी आवेदनों का निष्पादन पारदर्शी, न्यायोचित एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर करने का प्रयास किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है। जिला प्रशासन जनसहभागिता और जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रशासन का उद्देश्य है कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें समयबद्ध तरीके से न्याय एवं राहत मिल सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button