बक्सर स्टेशन पर लावारिस बैगों से मिली 66 लीटर से अधिक शराब, RPF ने किया जब्त
प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर नए FOB के पास मिले पांच बैग; 47,840 रुपये की ऑफिसर्स चॉइस शराब बरामद, GRP को सौंपा गया सामान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बृहस्पतिवार को बक्सर रेलवे स्टेशन पर RPF की टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में शराब बरामद की। प्लेटफॉर्म नंबर-01 पर नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) के समीप पांच लावारिस बैग और झोले मिलने से सुरक्षा टीम सतर्क हो गई। जांच के दौरान इन बैगों से ऑफिसर्स चॉइस के 368 टेट्रा पैक बरामद किए गए।
RPF के अनुसार, चेकिंग के दौरान जब ट्रेन संख्या 20802 बक्सर स्टेशन से रवाना हो चुकी थी, उसी दौरान प्लेटफॉर्म पर लावारिस पड़े बैगों पर टीम की नजर गई। संदेह के आधार पर बैगों की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब मिली। बरामद शराब की कुल मात्रा 66.24 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 47,840 रुपये है। कार्रवाई के दौरान RPF टीम ने शराब को तत्काल अपने कब्जे में लेकर मौके पर ही जब्त कर लिया। बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण शराब का परिवहन, भंडारण और बिक्री कानूनन अपराध है। इसी के तहत बरामद शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए GRP बक्सर को सौंप दिया गया।
इस कार्रवाई में SI बी.एस. ओझा, ASI योगेंद्र सिंह, ASI उमेश कुमार राय और HC अशोक कुमार शामिल रहे। RPF की इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन पर शराब तस्करी के प्रयासों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की सक्रियता भी सामने आई है। बरामद शराब और अन्य सामान को GRP बक्सर के हवाले कर दिया गया है। मामले में बिहार आबकारी संशोधन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हालांकि, लावारिस बैगों को स्टेशन पर छोड़कर जाने वाले व्यक्ति की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच करते हुए यह पता लगाने में जुटी है कि शराब स्टेशन तक कैसे पहुंची और इसे कहां ले जाया जाना था।





