आधुनिक दौर में जीवंत हुई परंपरा: बेटी की विदाई डोली में कर डॉ. राकेश राय ने पेश की मिसाल
शाही शादी में दिखी सनातनी संस्कारों की झलक, फूलों से सजी डोली में भावुक माहौल के बीच हुई विदाई


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले में एक अनूठा और भावनात्मक दृश्य उस वक्त देखने को मिला, जब ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष एवं प्रतिष्ठित व्यवसायी डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय ने अपनी पुत्री की विदाई पारंपरिक डोली में कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया।
शहर के सोमेश्वर स्थान स्थित बगीचा उत्सव लॉन में आयोजित इस भव्य विवाह समारोह में आधुनिकता के बीच सनातनी परंपराओं की खूबसूरत झलक देखने को मिली। विवाह के बाद बेटी की विदाई फूलों से सजी पालकी (डोली) में की गई, जिसमें पुराने समय की तरह चार कहार मौजूद रहे। खास बात यह रही कि सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद डॉ. राकेश राय ने परंपरा को प्राथमिकता दी। जैसे ही डोली उठी, माहौल भावुक हो गया और वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो उठीं।
इस शाही आयोजन में सामाजिक, राजनीतिक और व्यावसायिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं। वर-वधु को आशीर्वाद देने के लिए मंत्री, विधायक, एमएलसी, चिकित्सक और उद्योगपतियों की मौजूदगी ने समारोह को और खास बना दिया। भाजपा नेता विजय मिश्र, समाजसेवी सिकंदर सिंह और प्रिंस राय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बदलते समय में जब नई पीढ़ी अपनी परंपराओं से दूर हो रही है, ऐसे प्रयास समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं। यह आयोजन न केवल एक भव्य शादी का उदाहरण बना, बल्कि परंपरा और आधुनिकता के संतुलन की एक प्रेरणादायक मिसाल भी पेश कर गया।
वीडियो देखें :





