राजपुर में पूर्व मंत्री संतोष निराला का जनसंपर्क अभियान, जनता के उत्साह से गूंजा पूरा इलाका


न्यूज विज़न। बक्सर
राजपुर विधानसभा क्षेत्र के इटाढ़ी प्रखंड के विभिन्न गांवों में सोमवार को बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं लोकप्रिय नेता संतोष कुमार निराला ने जनसंपर्क अभियान चलाया। हरपुर, गजरही, पसरहा, मनोहरपुर, बड़कागांव, कुकुढ़ा और चमिला सहित कई गांवों में हुए दौरे के दौरान जनता जनार्दन का अपार स्नेह और समर्थन देखकर पूर्व मंत्री निराला भावविभोर नजर आए।
जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा स्थापित सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की नींव को और सशक्त बनाना ही उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि राजपुर की जनता को अब एक ऐसा जनप्रतिनिधि चाहिए जो क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने की ठोस योजना लेकर आए। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, जलापूर्ति और रोजगार के क्षेत्र में जो प्रगति हुई है, उसे और गति दी जाएगी। निराला ने युवाओं के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण, महिलाओं के लिए स्वरोजगार योजनाएं और छात्राओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने जैसी प्राथमिकताओं पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि “समृद्ध हो अपना राजपुर” अभियान के माध्यम से हर पंचायत को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। निराला ने कहा कि विकसित बिहार का सपना तभी साकार होगा जब हर विधानसभा आत्मनिर्भर बने, और आत्मनिर्भर व समृद्ध राजपुर उस दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा। सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने “तीर छाप पर बटन दबाएं, बिहार में विकास लाएं” के नारों से पूरा इलाका गूंजा दिया।

जनता के उत्साह से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि राजपुर की जनता एक बार फिर एनडीए गठबंधन पर विश्वास जताने जा रही है।





