यूपी में सड़क हादसे का शिकार हुआ बक्सर का युवक, एनएच-31 पर ट्रेलर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत
भरौली गोलंबर के पास सड़क पार करते समय हुआ हादसा, दोनों पैर बुरी तरह कुचले गए; नरहीं पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर शुरू की जांच


न्यूज़ विज़न। बक्सर
उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद अंतर्गत नरहीं थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बक्सर जिले के एक व्यक्ति की मौत हो गई। एनएच-31 पर भरौली गोलंबर के समीप हुए इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान बिहार के बक्सर नगर थाना क्षेत्र स्थित तुरहा टोली निवासी 42 वर्षीय मनोज कुमार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह मनोज कुमार किसी कार्य से भरौली क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान वह भरौली गोलंबर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को पार कर रहे थे। तभी गाजीपुर की ओर से भरौली की तरफ आ रहा एक खाली ट्रेलर अनियंत्रित होकर उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर के पहियों के नीचे आने से उनके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नरहीं पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नरहीं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार को ऑटो के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नरहीं भेजा गया।
हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उन्होंने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था। नरहीं थानाध्यक्ष हरिशंकर सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले थे। घटना के करीब दो घंटे बाद शव की शिनाख्त हो सकी। थाना प्रभारी हरिशंकर सिंह एवं उपनिरीक्षक धर्मदेव चौहान भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।





