सेंट्रल जेल में गांजा ले जाते रंगेहाथ पकड़ा गया होमगार्ड जवान, एफआईआर दर्ज




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले की सेंट्रल जेल में तैनात एक होमगार्ड जवान उस समय जेल प्रशासन की नजरों में चढ़ गया जब वह ड्यूटी के दौरान प्रतिबंधित नशीला पदार्थ गांजा अंदर ले जाने की कोशिश कर रहा था। रविवार को हुई इस घटना ने जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।









मिली जानकारी के अनुसार, होमगार्ड जवान की पहचान रामकिशुन सिंह के रूप में हुई है। उसकी ड्यूटी सेंट्रल जेल के भीतर लगी थी। बताया जा रहा है कि रविवार को ड्यूटी ज्वाइन करने के दौरान वह करीब 25 ग्राम गांजा छिपाकर जेल के भीतर प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। लेकिन प्रवेश द्वार पर नियमित जांच के दौरान जेल पुलिस की पैनी नजर से वह बच नहीं पाया और गांजा बरामद कर लिया गया। जेल पुलिस ने तत्काल इस मामले की सूचना जेल अधीक्षक को दी। जेल अधीक्षक ने बिना देरी किए पूरे घटनाक्रम की जानकारी टाउन थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही टाउन थाना की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी होमगार्ड जवान को हिरासत में ले लिया।






इसके बाद जेल प्रशासन की ओर से आरोपी जवान के खिलाफ टाउन थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। जेल प्रशासन का कहना है कि जेल में प्रतिबंधित सामान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, पुलिस इस बात की पड़ताल में जुटी है कि आरोपी जवान के तार कहीं बड़े गिरोह या जेल के अंदर-बाहर सक्रिय नशे के नेटवर्क से जुड़े तो नहीं हैं। स्थानीय स्तर पर इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और होमगार्ड जवानों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की आगे की जांच से कई अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।

