5 किमी रेड रन-2026 का आयोजन, एचआईवी/एड्स जागरूकता के लिए युवाओं ने लगाई दौड़
एम.सी. कॉलेज, चौसा का दबदबा, छात्र-छात्रा वर्ग के विजेता राज्य स्तरीय रेड रन के लिए चयनित


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी, पटना के तत्वावधान तथा नेशनल एड्स कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (NACO), नई दिल्ली के सहयोग से शुक्रवार को बक्सर में जिला स्तरीय रेड रन-2026 के तहत 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन के बीच एचआईवी/एड्स एवं अन्य वायरल रोगों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
मैराथन में एम.वी. कॉलेज, बक्सर, एम.सी. कॉलेज, चौसा, वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय, डुमरांव और इंजीनियरिंग कॉलेज, डुमरांव के कुल 25 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें 18 छात्र और 7 छात्राएं शामिल थीं। दौड़ की शुरुआत सोमेश्वर स्थान से हुई और समापन किला मैदान, बक्सर में हुआ। छात्र वर्ग में एम.सी. कॉलेज, चौसा के अजय कुमार सिंह ने प्रथम, सेराज ने द्वितीय और दुर्गेश यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं करण कुमार और मनीष कुमार यादव (वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय, डुमरांव) क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।
छात्रा वर्ग में प्रीति कुमारी ने प्रथम, प्रियंका कुमारी ने द्वितीय, अमृता कुमारी ने तृतीय, सुनिधि सौरभ ने चतुर्थ तथा आराधना कुमारी ने पंचम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम का समापन एम.वी. कॉलेज, बक्सर में हुआ, जहां सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही छात्र एवं छात्रा वर्ग के शीर्ष पांच-पांच प्रतिभागियों को पुस्तकों से सम्मानित किया गया। पटना से आए पर्यवेक्षक असीम कुमार झा एवं राकेश सिंह ने आयोजन की निगरानी की। स्वास्थ्य विभाग, बक्सर की ओर से शिव कृपाल दास भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की। दौड़ के दौरान पुलिस वाहन आगे तथा एंबुलेंस पीछे चल रही थी। एम.एन.डी. फाउंडेशन, बक्सर के स्वयंसेवकों ने पेयजल, नाश्ता, सुरक्षा और मार्गदर्शन की जिम्मेदारी संभाली।
रेड रिबन क्लब, बक्सर के जिला नोडल अधिकारी डॉ. रास बिहारी शर्मा ने बताया कि रेड रन का आयोजन हर वर्ष युवाओं में एचआईवी/एड्स एवं अन्य वायरल रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया जाता है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राएं अब राज्य स्तरीय रेड रन, पटना में भाग लेंगे। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।





