विकसित बिहार के संकल्प के साथ 20 सितंबर को पटना में होगा लव-कुश प्रतिभा सम्मान समारोह
बापू सभागार में जुटेंगे बिहार के बुद्धिजीवी और प्रतिभाएं, उमरेश सिंह ने अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की


न्यूज़ विज़न। बक्सर
“विकसित बिहार—नींव से निर्माण तक” के संकल्प को लेकर लव-कुश प्रतिभा सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन आगामी 20 सितंबर, रविवार को पटना के गांधी मैदान स्थित बापू सभागार में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जनसंपर्क अभियान चलाने की अपील की जा रही है।
इस संबंध में बक्सर जिला के लव-कुश जिला प्रभारी उमरेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रोग्रेसिव बुद्धिजीवी एसोसिएशन, बिहार के तत्वावधान में आयोजित इस महत्वपूर्ण समारोह का उद्देश्य प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ-साथ विकसित बिहार के निर्माण में समाज के बुद्धिजीवी वर्ग और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सम्मानित सदस्यों से आग्रह किया गया है कि वे अपने-अपने स्तर पर पूरी सक्रियता के साथ जनसंपर्क करें तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर बिहार के विकास में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
उमरेश सिंह ने कहा कि “एकजुट हों, आगे बढ़ें और विकसित बिहार के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं” के संदेश के साथ यह आयोजन सामाजिक एकजुटता और विकास की नई दिशा तय करने का प्रयास है। आयोजकों के अनुसार समारोह का उद्घाटन बिहार सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मंत्री श्रवण कुमार एवं निशांत कुमार विशेष अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। समारोह के चीफ कन्वेनर ऑल इंडिया प्रोग्रेसिव टीम, बिहार हैं। आयोजन को लेकर बक्सर सहित पूरे बिहार के लव-कुश समाज और प्रगतिशील बुद्धिजीवी वर्ग में उत्साह देखा जा रहा है।





