OTHERS

स्व. विवेक कुमार सिन्हा की जयंती पर सेवा और मानवता को नमन, बच्चों में बांटी पाठ्य सामग्री तो गर्भवती महिला के लिए उपलब्ध कराया रक्त

स्व. विवेक सिन्हा स्मृति ट्रस्ट के तत्वावधान में शिक्षा, सेवा और मानवता का संदेश; ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में बच्चों को किया गया सम्मानित, सदर अस्पताल में जरूरतमंद महिला की रक्त देकर बचाई मदद

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के तेज-तर्रार, निर्भीक एवं जांबाज पत्रकार स्वर्गीय विवेक कुमार सिन्हा की जयंती उनके आदर्शों और सेवा भाव को समर्पित रही। इस अवसर पर स्व. विवेक सिन्हा स्मृति ट्रस्ट के तत्वावधान में विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा, मानवता और समाज सेवा का संदेश देते हुए स्वर्गीय विवेक कुमार सिन्हा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

 

जयंती के अवसर पर ट्रस्ट की ओर से ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल के मोंटेसरी वर्ग के बच्चों के बीच बिस्किट, चॉकलेट एवं पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए नियमित अध्ययन और अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के उप-प्रबंधक धर्मेन्द्र पांडेय ने कहा कि स्वर्गीय विवेक कुमार सिन्हा केवल एक निर्भीक पत्रकार ही नहीं, बल्कि एक कुशल शिक्षक, कर्मठ समाजसेवी और संवेदनशील व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने पूरे जीवन में सत्य, ईमानदारी और मानव सेवा के मूल्यों को सर्वोच्च स्थान दिया तथा समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि उनका व्यक्तित्व आज भी युवाओं और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

 

जयंती के अवसर पर ट्रस्ट ने सेवा भावना का परिचय देते हुए एक और सराहनीय कार्य किया। सदर अस्पताल, बक्सर में भर्ती दंगौली गांव निवासी मुकेश कुमार सिंह की गर्भवती पत्नी काजल कुमारी (26 वर्ष) को आवश्यकता पड़ने पर ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा रक्त उपलब्ध कराया गया। समय पर रक्त मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और इस मानवीय पहल के लिए ट्रस्ट के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वर्गीय विवेक कुमार सिन्हा के सेवा, समर्पण और मानवता के विचारों को आगे बढ़ाने का इससे बेहतर माध्यम नहीं हो सकता। उनका मानना था कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता ही किसी भी व्यक्ति के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होती है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय विवेक कुमार सिन्हा के आदर्शों पर चलने, समाज सेवा को निरंतर आगे बढ़ाने तथा जरूरतमंद लोगों की हर संभव सहायता करने का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और सेवा भावना को मजबूत करते हैं तथा नई पीढ़ी को भी मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देते हैं। कार्यक्रम में अविनाश, उज्जवल, दीपांकर, धीरज पांडेय, अर्जुन, प्रकाश व अन्य शामिल रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button