शराब बरामदगी मामले में नया मोड़, रेस्टोरेंट कर्मियों ने कहा- प्रबंधन का नहीं कोई लेना-देना
दो स्कॉर्पियो से 687.360 लीटर विदेशी शराब बरामदगी के बाद कर्मचारियों ने दी सफाई, निष्पक्ष जांच की मांग; अधिवक्ता बोले- साजिशन फंसाए जाने के तथ्य न्यायालय में रखे जाएंगे


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के बड़का ढकाईच स्थित मां शारदा रेस्टोरेंट सह लाइन होटल में शराब बरामदगी के मामले में शुक्रवार को नया मोड़ सामने आया है। रेस्टोरेंट में कार्यरत कर्मचारियों ने संचालक का पक्ष रखते हुए शराब बरामदगी की घटना से रेस्टोरेंट प्रबंधन और कर्मचारियों का कोई लेना-देना नहीं होने का दावा किया है। कर्मचारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने और न्याय दिलाने की मांग की है।
रेस्टोरेंट कर्मी मिथिलेश कुमार और छोटू कुमार ने बताया कि मां शारदा रेस्टोरेंट एनएच किनारे स्थित है। ऐसे में यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन रुकते हैं और लोग चाय-नाश्ता व भोजन के लिए आते-जाते रहते हैं। कर्मचारियों के मुताबिक, घटना वाली रात दो स्कॉर्पियो से कुछ लोग रेस्टोरेंट पहुंचे थे। उन्होंने वहां भोजन किया और बारिश होने का हवाला देते हुए रेस्टोरेंट के बगल में अपनी गाड़ियां खड़ी कर रात में वहीं सोने की बात कही थी। कर्मचारियों का कहना है कि इसके बाद अहले सुबह पुलिस टीम रेस्टोरेंट परिसर में पहुंची और दोनों वाहनों से शराब बरामद होने की जानकारी दी। शराब बरामदगी की जानकारी मिलने के बाद वे भी हैरान रह गए। कर्मचारियों ने कहा कि रेस्टोरेंट में आने वाले ग्राहकों से भोजन और नाश्ते से संबंधित जानकारी के अलावा उनसे किसी अन्य प्रकार की पूछताछ नहीं की जाती है। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि रेस्टोरेंट संचालक स्वयं यहां नियमित रूप से नहीं आते हैं। रेस्टोरेंट को लीज पर लेकर कर्मचारियों के माध्यम से संचालित कराया जाता है। यहां काम करने वाले अधिकांश कर्मचारी दरभंगा से आकर नौकरी करते हैं।
प्राथमिकी के बाद कानूनी लड़ाई की तैयारी
उत्पाद थाना डुमरांव में कांड संख्या 71/26 के तहत दर्ज प्राथमिकी के संबंध में सिविल कोर्ट के अधिवक्ता अमित कुमार ने बताया कि मामला उनके पास आया है। उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट संचालक की ओर से मामले में साजिशन फंसाए जाने से संबंधित जो दलीलें और तथ्य बताए गए हैं, उन्हें न्यायालय के समक्ष रखा जाएगा। कानूनी स्तर पर संचालक को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
दो स्कॉर्पियो से बरामद हुई 687.360 लीटर शराब
गौरतलब है कि गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने पटना-बक्सर फोरलेन पर बड़का ढकाईच स्थित मां शारदा रेस्टोरेंट सह लाइन होटल परिसर में छापेमारी की थी। विभाग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दो स्कॉर्पियो से कुल 687.360 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान एक चालक के फरार होने की बात सामने आई, जबकि दूसरे चालक को पीछा कर पकड़ लिया गया। पकड़े गए चालक को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की जानकारी विभाग की ओर से दी गई है। वहीं, रेस्टोरेंट कर्मियों और संचालक की ओर से अधिवक्ता का कहना है कि केवल रेस्टोरेंट परिसर में किसी वाहन के खड़े होने और उससे शराब बरामद होने के आधार पर संचालक या कर्मचारियों की संलिप्तता मान लेना उचित नहीं है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच होने पर ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वीडियो देखें :





