NEET-UG आंदोलन पर बिहार सरकार का बड़ा ऐलान: प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी, दर्ज केस भी होंगे वापस
विशेष सचिव क्षत्रनील सिंह ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति, 26 जुलाई शाम 6 बजे तक हुए विरोध प्रदर्शनों में शामिल लोगों को राहत; गिरफ्तार व्यक्तियों की शीघ्र रिहाई और भविष्य में भी प्रतिकूल कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन


न्यूज विज़न। पटना
बिहार में NEET-UG परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। तमाम विपक्षी दलों द्वारा सरकार को दिए गए अल्टीमेटम के बाद बिहार सरकार ने आंदोलनकारियों को राहत देते हुए महत्वपूर्ण घोषणा की है।
बिहार सरकार के संबंधित विभाग के विशेष सचिव क्षत्रनील सिंह द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि NEET-UG परीक्षा में कथित अनियमितताओं, परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता तथा उच्च शिक्षा क्षेत्र में जवाबदेही एवं सुधार की मांग को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के मद्देनज़र सरकार ने आंदोलनकारियों के प्रति नरम रुख अपनाने का निर्णय लिया है।
अधिसूचना के अनुसार, 26 जुलाई को शाम 6:00 बजे तक राज्य के किसी भी हिस्से में आयोजित विरोध प्रदर्शनों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कोई दंडात्मक, प्रतिशोधात्मक अथवा प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।
सरकार ने यह भी आश्वासन दिया है कि आंदोलनकारियों के विरुद्ध दर्ज एफआईआर, परिवाद एवं कारण बताओ नोटिस वापस लेने की विधिक प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाएगी।
इसके अलावा, पहले से दर्ज मामलों में गिरफ्तार या निरुद्ध सभी व्यक्तियों को शीघ्र रिहा किया जाएगा। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूर्व में दर्ज मामलों में नामित व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से कोई प्रतिकूल कार्रवाई नहीं की जाएगी।
सरकार के इस फैसले को NEET-UG परीक्षा को लेकर लंबे समय से चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में भी इस घोषणा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब यह देखना होगा कि सरकार के इस आश्वासन के बाद आंदोलन कर रहे छात्र संगठनों और विपक्षी दलों की अगली रणनीति क्या होती है।





