OTHERS

ट्रेन में मिला मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक, शिक्षक ने परिजनों से मिलाकर पेश की मानवता की मिसाल

पटना-बक्सर के बीच शिक्षक विशाल यादव को मिला युवक, प्रयास कर पिपरैती थाना के माध्यम से परिजनों तक पहुंचाई सूचना; 10 दिन बाद परिवार से मिलकर भावुक हुआ युवक

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए जिले के मध्य विद्यालय दहीवर के शिक्षक विशाल यादव ने ट्रेन में मिले एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को उसके परिजनों से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षक के इस प्रयास से करीब दस दिनों से अपने परिवार से बिछड़ा युवक बुधवार को अपने परिजनों के पास पहुंच सका।

 

शिक्षक विशाल यादव ने बताया कि बीते दिनों वे देवघर से बक्सर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान मधुपुर-आनंद विहार हमसफर एक्सप्रेस में पटना और बक्सर के बीच उनकी नजर एक युवक पर पड़ी, जो मानसिक रूप से परेशान प्रतीत हो रहा था और अपने बारे में स्पष्ट जानकारी देने में असमर्थ था। काफी देर तक बातचीत और समझाने का प्रयास करने के बाद युवक ने अपना नाम निरंजन कुमार (19 वर्ष) बताया। उसने अपने पिता का नाम राम भुवन यादव तथा पता ग्राम मधुबन टोला, पोस्ट आमापाली, थाना पिपरैती, जिला भागलपुर बताया। जानकारी मिलने के बाद विशाल यादव ने युवक के परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास शुरू किया।

 

काफी प्रयास के बाद शिक्षक ने भागलपुर जिले के पिपरैती थाना से संपर्क किया और युवक के बारे में पुलिस को जानकारी दी। थाना के माध्यम से उसके परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद बुधवार को युवक के परिजन बक्सर पहुंचे और निरंजन कुमार को अपने साथ लेकर चले गए। परिजनों ने बताया कि करीब दस दिन पूर्व सुल्तानगंज से देवघर जाने के दौरान निरंजन उनसे बिछड़ गया था। इसके बाद परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। काफी दिनों बाद अपने बेटे को सकुशल पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

 

निरंजन के परिजनों ने शिक्षक विशाल यादव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके संवेदनशील प्रयास की वजह से परिवार को अपना बिछड़ा सदस्य वापस मिल सका। वहीं, शिक्षक विशाल यादव ने कहा कि समाज में यदि लोग एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आएं तो कई परेशान लोगों को उनके परिवार तक पहुंचाया जा सकता है। शिक्षक के इस मानवीय प्रयास की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। विशाल यादव ने यह साबित किया कि मानवता के लिए किया गया एक छोटा सा प्रयास भी किसी परिवार के लिए बड़ी खुशी का कारण बन सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button