गांधी जयंती पर 500 दीपों से जगमगाया कवलदह पोखर, महात्मा गांधी के जन्मदिन को दीपावली के रूप में मनाया
गांधी विचार मंच एवं लायंस क्लब ऑफ बक्सर गैगेज की अनूठी पहल, गांधी प्रतिमा के समक्ष देर रात तक चला दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम


न्यूज़ विज़न। बक्सर
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गांधी विचार मंच बक्सर एवं लायंस क्लब ऑफ बक्सर गैगेज के संयुक्त तत्वावधान में शहर के कवलदह पोखर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष विशेष दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 500 दीपक जलाकर पूरे परिसर को रोशन किया गया और महात्मा गांधी के जन्मदिन को दीपावली के रूप में मनाया गया। दीपों की रोशनी से कवलदह पोखर परिसर देर रात तक जगमगाता रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लायंस क्लब ऑफ बक्सर गैगेज के अध्यक्ष लायन निगम पांडेय ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन गांधी विचार मंच बक्सर के अध्यक्ष सुरेश संगम ने किया। कार्यक्रम में गांधी विचार मंच एवं लायंस क्लब के सदस्यों के साथ-साथ शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गांधी विचार मंच के अध्यक्ष सुरेश संगम ने कहा कि कवलदह पोखर में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा के पीछे लंबे समय तक किए गए अथक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के प्रयासों एवं पहल के बाद प्रतिमा की स्थापना के लिए स्थान प्राप्त हुआ। इसके पश्चात गांधी विचार मंच बक्सर के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय जंग बहादुर राजपुरिया के व्यक्तिगत अनुदान से महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित की गई।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की प्रतिमा की स्थापना को समाज के लोगों ने काफी सराहा और आज यह स्थान गांधी विचारों तथा उनके आदर्शों की स्मृति के रूप में इतिहास में दर्ज हो चुका है। दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से गांधी जी के सत्य, अहिंसा, प्रेम, सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं एवं समाजसेवियों से जुड़े लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में अतुल मेहरोत्रा, सुधीर सराफ, मोहम्मद जमील, ऋषि निर्मल, रेड क्रॉस के सचिव डॉ. श्रवण तिवारी, बिहार सेंट्रल स्कूल के डायरेक्टर सरोज सिंह, योगेश जायसवाल, ‘ब्लड’ डोनेशन के संस्थापक प्रियेश जी, सुमित मानसिंह, नायक जी, पंकज मानसिंह, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष बृज किशोर सिंह, लक्ष्मण जायसवाल, बिरला सन लाइफ के ब्रांच मैनेजर आशुतोष सिंह, महेश प्रसाद जायसवाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन के इस विशेष आयोजन ने गांधी जयंती को सामाजिक एकता, सद्भाव और गांधीवादी विचारों के प्रति सम्मान के संदेश के साथ यादगार बना दिया।





