CRIME

झारखंड पुलिस के हत्थे चढ़ा अंतर्राज्यीय करोड़ों की ठगी का आरोपी दिनेश राव, दुष्कर्म के प्रयास समेत कई मामलों में था फरार

छत्तीसगढ़ और झारखंड में दर्ज हैं कई आपराधिक मामले, नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप; पत्नी और परिजनों पर भी साजिश में शामिल होने के आरोप

न्यूज़ विज़न। रायपुर/रांची
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित वालफोर्ड अपार्टमेंट निवासी दिनेश कुमार राव को झारखंड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दिनेश राव लंबे समय से विभिन्न मामलों में फरार चल रहा था और उसकी तलाश छत्तीसगढ़ तथा झारखंड पुलिस कर रही थी।

 

बताया जाता है कि दिनेश राव के विरुद्ध दोनों राज्यों के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा दुष्कर्म के प्रयास जैसे गंभीर आरोपों में कई मामले दर्ज हैं। झारखंड के रातू थाना में कांड संख्या 352/24, दिनांक 25 अक्टूबर 2024 के तहत उसके विरुद्ध धोखाधड़ी एवं अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत के अनुसार, इस कथित ठगी के नेटवर्क में दिनेश राव की पत्नी मीना देवी, बेटी दीप्ति कुमारी तथा बड़ा बेटा भी शामिल बताए गए हैं। आरोप है कि ये सभी मिलकर सुनियोजित तरीके से भोले-भाले लोगों को नौकरी एवं अन्य प्रलोभन देकर ठगी का शिकार बनाते थे। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि न्यायालय द्वारा अभी नहीं हुई है। इधर, रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में भी दिनेश राव, उसकी पत्नी मीना देवी तथा बेटे कृष के विरुद्ध दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

 

इस बीच धमतरी जिला चिकित्सालय में कार्यरत वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस. मधु ने भी दिनेश राव पर नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी रकम लेने का आरोप लगाया है। डॉ. मधु के अनुसार, उन्होंने अपने एक परिचित को नौकरी दिलाने के नाम पर कुल 56 लाख रुपये दिनेश राव और उसकी पत्नी के बैंक खातों में ऑनलाइन माध्यम से भेजे थे। डॉ. मधु का आरोप है कि नौकरी नहीं लगने पर लगातार दबाव बनाने के बाद आरोपी ने कुछ राशि वापस कर दी, लेकिन 51 लाख 17 हजार रुपये अब भी बकाया हैं। आरोप है कि शेष राशि मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में गाली-गलौज एवं धमकी देने लगा। इस संबंध में डॉ. मधु ने झारखंड के राज्यपाल के प्रधान सचिव को भी लिखित शिकायत भेजी थी। इसके साथ ही बिहार के रोहतास जिला अंतर्गत अकोढ़ी गोला थाना क्षेत्र के इसरा गांव के रहनेवाले चन्दन भारती से भी उक्त आरोपी ने लाखों की ठगी किया है। फिलहाल झारखंड पुलिस दिनेश राव से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कथित ठगी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा कितने लोग इसके शिकार हुए हैं। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button