आईटीआई में भारतीय वायु सेना के अधिकारियों ने युवाओं को दिखाया सुनहरे करियर का रास्ता
अग्निवीर योजना, चयन प्रक्रिया और रोजगार के अवसरों पर हुआ विशेष इंटरैक्टिव व्याख्यान, 400 से अधिक प्रशिक्षणार्थियों ने लिया हिस्सा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बक्सर में मंगलवार को भारतीय वायु सेना में करियर के अवसरों एवं अग्निवीर योजना विषय पर एक विशेष इंटरैक्टिव व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 10 वायु सैनिक चयन केंद्र, बिहटा (पटना) के प्रतिनिधियों द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में 10 वायु सैनिक चयन केंद्र, बिहटा से जूनियर वारंट ऑफिसर ए.के. शर्मा, सार्जेंट ए.के. सिंह, सार्जेंट जी.एस. नेगी एवं कॉर्पोरल अशोक साहू उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को भारतीय वायु सेना में उपलब्ध रोजगार एवं करियर के विभिन्न अवसरों, अग्निवीर योजना की विशेषताओं, चयन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, प्रशिक्षण व्यवस्था तथा भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। व्याख्यान के दौरान उपस्थित अभ्यर्थियों ने अपने करियर, भर्ती प्रक्रिया एवं सेवा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल एवं विस्तृत तरीके से उत्तर दिया। इस संवादात्मक सत्र ने युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान करने के साथ-साथ उन्हें भारतीय वायु सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित भी किया। कार्यक्रम में लगभग 400 प्रशिक्षणार्थियों एवं अभ्यर्थियों ने भाग लिया और विशेषज्ञों से सीधे संवाद का लाभ उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने युवाओं को राष्ट्र सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश की सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय वायु सेना में उपलब्ध करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए सही मार्गदर्शन प्रदान करना था। समापन अवसर पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बक्सर के प्राचार्य ने 10 वायु सैनिक चयन केंद्र, बिहटा (पटना) से आए सभी अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रम प्रशिक्षणार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और उनके करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





