OTHERS

अग्निशमन विभाग द्वारा अस्पतालों, होटल और रेस्टोरेंट का किया गया फायर सेफ्टी ऑडिट, लापरवाही पर सीलिंग नोटिस की चेतावनी

अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने विभिन्न संस्थानों का किया निरीक्षण, अग्नि सुरक्षा मानकों के तत्काल पालन के दिए निर्देश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को अनुमंडल अग्निशमालय बक्सर द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में सहायक अग्निशमन पदाधिकारी भानु प्रताप, अग्निक हरेराम सिंह एवं अग्निक नीतीश कुमार की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न अस्पतालों, नर्सिंग होम, होटल एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया।

 

निरीक्षण के दौरान संचालित अस्पतालों एवं नर्सिंग होम्स में अग्नि सुरक्षा मानकों, विद्युत भार विश्लेषण तथा अग्नि सुरक्षा प्रबंधन व्यवस्था की विस्तृत जांच की गई। जिन संस्थानों में आवश्यक सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन नहीं पाया गया, उन्हें नियमानुसार सीलिंग नोटिस जारी करने की चेतावनी दी गई तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही जिले में संचालित होटल, लॉज, गेस्ट हाउस एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में भी अग्नि सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई। विभागीय टीम ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को अग्निशमन संबंधी विधिवत अनुमतियों के प्रमाण पत्र, अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा एलपीजी सिलेंडरों से संबंधित अनिवार्य स्व-घोषणा पत्र निर्धारित अवधि में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के क्रम में मां शिवरात्रि हेल्थ हॉस्पिटल (औद्योगिक क्षेत्र), देवराज हॉस्पिटल (गोलंबर), महामाया क्लीनिक, रीवर फ्रंट होटल (पीपी रोड), ट्रेन रेस्टोरेंट (पीपी रोड) तथा द हंगर ट्रेन (सिविल लाइन) सहित कई प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी अस्पतालों, होटल संचालकों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से जन-धन की हानि को रोका जा सके।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button