OTHERS

स्वतंत्रता दिवस को भव्य उत्सव बनाने की तैयारी, IESM बक्सर की बैठक में जुटे 200 से अधिक पूर्व सैनिक और वीरांगनाएं

पूर्व सैनिकों ने लिया संकल्प—जिले के हर कोने से होगी स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहभागिता; सड़क, साइबर क्राइम, आठवें वेतन आयोग और आयकर रिटर्न जैसे मुद्दों पर भी हुई चर्चा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं यादगार बनाने को लेकर रविवार, 9 अगस्त को इंडियन एक्स-सर्विसमेन मूवमेंट (IESM) बक्सर की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता IESM के चेयरमैन डॉ. मेजर पीके पांडेय एवं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया।

 

बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 200 पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को राष्ट्रीय पर्व के रूप में एक भव्य उत्सव की तरह मनाना और जिले के अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। बैठक को संबोधित करते हुए चेयरमैन डॉ. मेजर पीके पांडेय ने संगठन को सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों पर और अधिक सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बक्सर शहर की विभिन्न सड़कों के किनारे पैदल पथ के निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए इसके लिए आवाज उठाने की बात कही। साथ ही उन्होंने जासो रोड की जर्जर स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की और सड़क की समस्या के समाधान के लिए पहल करने की आवश्यकता बताई।

 

आठवें वेतन आयोग की दी विस्तृत जानकारी

जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने पूर्व सैनिकों को आठवें वेतन आयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दीं। उन्होंने इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझाते हुए पूर्व सैनिकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। वहीं जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने तेजी से बढ़ रहे साइबर क्राइम को लेकर पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को सावधान किया। उन्होंने साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग अथवा निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।

जिला उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट आरबी ओझा ने सभी को समय पर इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने आयकर रिटर्न से जुड़ी आवश्यक सावधानियों और इसके महत्व की जानकारी दी। जिला महासचिव कैप्टन श्रीनिवास सिंह ने बैंक खाते एवं अन्य अकाउंट संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प

बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने संकल्प लिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के प्रत्येक क्षेत्र से अधिक से अधिक संख्या में लोग शामिल होंगे। उपस्थित सदस्यों ने समारोह को भव्य बनाने में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। कई सदस्यों ने मौके पर ही अपनी सहर्ष सहभागिता दर्ज कराई।

नवजात पुत्र के आगमन पर पूर्व सैनिक ने कराया नाश्ता

बैठक के दौरान सेना में कार्यरत हवलदार अरविंद कुमार पांडेय ने अपने नवजात पुत्र के आगमन की खुशी में उपस्थित सभी लोगों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की। इस अवसर पर IESM की ओर से भी नवजात शिशु के उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं देते हुए एक छोटा सा उपहार भेंट किया गया। अंत में सभापति कैप्टन बीएन पांडेय ने बैठक के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट आरबी ओझा, कैप्टन श्रीनिवास सिंह, कैप्टन संजय पाठक, सूबेदार मेजर आरबी सिंह, पेटी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह, कैप्टन कन्हैया पंडित, सूबेदार कमलेश्वर राय, नायक शशि भूषण ओझा, हरिहर सिंह, चंद्रजीत सिंह, रामनाथ सिंह, विनोद तिवारी, जैनेन्द्र सिंह, सुदामा प्रसाद, गणेश सिंह एवं कन्हैया पांडेय सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं वीरांगनाएं मौजूद रहीं। बैठक में उपस्थित पूर्व सैनिकों ने एक स्वर में स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को देशभक्ति, सम्मान और उत्साह के साथ भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button