CRIME

भटवलिया में किसान की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या, गांव में मचा हड़कंप

बधार में मवेशियों और धान की फसल की रखवाली कर रहे थे हरिभजन सिंह कुशवाहा, घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम; हत्या के कारण और अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
औद्योगिक थाना क्षेत्र के जगदीशपुर पंचायत अंतर्गत भटवलिया गांव में गुरुवार देर शाम करीब साढ़े नौ बजे एक किसान की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अपराधियों ने धारदार हथियार से किसान का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान जीउत सिंह कुशवाहा के पुत्र हरिभजन सिंह कुशवाहा के रूप में हुई है।

 

बताया जाता है कि हरिभजन सिंह गांव के बधार में स्थित तालाब के समीप अपने मवेशियों और धान की फसल की रखवाली करने के लिए रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि गुरुवार देर शाम जब वे बधार में मौजूद थे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। विरोध करने पर अपराधियों ने धारदार हथियार से उनके गले पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लेते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। इसके बाद फोरेंसिक जांच टीम और डायल-112 की टीम सहित अन्य पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लग गए।

 

शरीर पर कई जगह मिले चोट और धारदार हथियार के निशान

घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में मृतक के शरीर पर कई जगह चोट और धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि उनकी हथेली और जांघ पर भी कट के निशान मिले हैं, जबकि गले पर गंभीर चोट के निशान हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि हमले के दौरान मृतक ने बचाव का प्रयास भी किया होगा। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि किसान की किसी से पुरानी रंजिश थी या फिर किसी अन्य कारण से अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।

ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। अचानक हुई इस निर्मम हत्या से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल देखा गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।पुलिस का कहना है कि हत्या की सभी संभावित वजहों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान और घटना के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल अपराधियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button