ACCIDENT

चलती ट्रैक्टर से गिरकर श्रमिक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

ढलाई कार्य कर गांव लौट रहे थे मजदूर बुधु चौधरी, बकसड़ा मोड़ के पास बिगड़ा संतुलन; पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बकसड़ा मोड़ के समीप रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर से गिरकर एक श्रमिक की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम छा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र स्थित जोगिया गांव निवासी बुधु चौधरी (40 वर्ष) मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार को भी वह ढलाई कार्य पूरा करने के बाद अन्य मजदूरों के साथ ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान इटाढ़ी-धनसोई मुख्य मार्ग पर स्थित बकसड़ा मोड़ के समीप अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर से गिरते ही बुधु चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।

 

मृतक बुधु चौधरी स्वर्गीय भानू चौधरी के पुत्र बताए जाते हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है। घटना की सूचना पर इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू कुमार पासवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रैक्टर से गिरने के कारण मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button