OTHERS

पर्यावरण जागरूकता के साथ MDM गुणवत्ता जांच, पंडितपुर विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

ADRI पटना की टीम ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता परखी, “Lifestyle for Environment” विषय पर बच्चों ने उकेरे पर्यावरण संरक्षण के संदेश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय पंडितपुर में शनिवार को प्रधान शिक्षिका प्रतिमा कुमारी की देखरेख में शैक्षणिक एवं जागरूकता से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत एशियन डेवलपमेंट रिसर्च इंस्टीट्यूट (ADRI), पटना की टीम द्वारा विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन (MDM) योजना की गुणवत्ता की जांच की गई। इस दौरान भोजन की स्वच्छता, गुणवत्ता, पोषण स्तर एवं वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।

 

इसके साथ ही विद्यालय परिसर में “Lifestyle for Environment” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल बचाव एवं हरियाली से जुड़े आकर्षक चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण की उपयोगिता, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधान शिक्षिका प्रतिमा कुमारी ने कहा कि बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में शिक्षक दीपक कुमार श्रीवास्तव, अविनाश कुमार समेत विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं रसोइया कंचन देवी, उषा देवी एवं सफाई कर्मियों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
चित्रकला प्रतियोगिता में पंकज, सौम्या, अन्नू, अंश, अरविन्द सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button