दशहरे की रात दिल दहला देने वाली वारदात : महिला पर दुष्कर्म की नीयत से चाकू से हमला, आरोपी अब तक फरार



न्यूज़ विज़न। बक्सर
औद्योगिक थाना क्षेत्र के एक गांव में दशहरे की देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव की एक महिला अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी, तभी देर रात एक युवक छत के रास्ते घर में घुस आया। बताया जा रहा है कि युवक का इरादा दुष्कर्म का था, लेकिन महिला के शोर मचाने पर उसने उस पर चाकू से बर्बर तरीके से हमला कर दिया। महिला के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई।








घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों ने बताया कि महिला को गहरे घाव लगे हैं और फिलहाल उसका इलाज जारी है। पीड़िता के पति ने औद्योगिक थाना में आरोपी अर्जुन ठाकुर, पिता राधेश्याम ठाकुर, निवासी स्थानीय गांव के खिलाफ छेड़खानी, दुष्कर्म के प्रयास और जानलेवा हमले की धाराओं में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफआईआर के अनुसार, आरोपी कई दिनों से महिला के साथ अशोभनीय हरकतें कर रहा था, लेकिन परिवार ने सामाजिक मान-सम्मान को देखते हुए चुप्पी साध रखी थी।




आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर, परिजनों में आक्रोश
घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि पुलिस केवल जांच का दावा कर रही है, जबकि आरोपी खुलेआम घूम रहा है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और महिला को न्याय दिलाने की मांग की है। इस जघन्य वारदात के बाद गांव समेत आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। लोग इस घटना की निंदा कर रहे हैं और दोषी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
थानाध्यक्ष बोले— जल्द होगी गिरफ्तारी
इस मामले में औद्योगिक थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और आवश्यक कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। “आरोपी फिलहाल फरार है, लेकिन पुलिस उसके ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा,” थानाध्यक्ष ने कहा।

