आईटी सहायकों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, डीएम साहिला ने जारी किया तबादला आदेश
कार्यालय प्रबंधन एवं सरकारी कार्यों में दक्षता लाने की पहल, 7 जुलाई तक विरमित कर अनुपालन प्रतिवेदन भेजने का निर्देश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिला प्रशासन ने कार्यालय प्रबंधन को अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शनिवार को बक्सर जिला पदाधिकारी साहिला द्वारा कार्यालय प्रबंधन एवं सरकारी कार्यहित को ध्यान में रखते हुए जिला अंतर्गत बिहार लोक सेवाओं के अधिकार अधिनियम, 2011 के तहत जिले के सभी प्रखंड एवं अनुमंडल कार्यालयों में नियोजित आईटी सहायकों का स्थानांतरण कर दिया गया।
जारी आदेश के अनुसार, ऐसे आईटी सहायक जो लंबे समय से एक ही कार्यालय में प्रतिनियुक्त होकर कार्य कर रहे थे, उनका प्रशासनिक आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न कार्यालयों में तबादला किया गया है। जिला प्रशासन का मानना है कि समय-समय पर कर्मियों का स्थानांतरण होने से कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं प्रशासनिक दक्षता बनी रहती है। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित नियंत्रि पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि स्थानांतरित आईटी सहायकों एवं नियोजित कार्यपालक सहायकों को उनके वर्तमान कार्यालय से 7 जुलाई तक अनिवार्य रूप से विरमित कर नई पदस्थापना स्थल पर योगदान के लिए भेजना सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही सभी नियंत्रि पदाधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि विरमित करने के उपरांत इसकी अनुपालन प्रतिवेदन जिला प्रशासन को समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि स्थानांतरण आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। जिला प्रशासन के इस निर्णय को कार्यालयों में कार्य व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं जनसेवा उन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल माना जा रहा है। स्थानांतरण आदेश के बाद संबंधित कर्मियों में नई पदस्थापना को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।





