आरपीएफ उप निरीक्षक दिनेश चौधरी को राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त “भारतीय पुलिस पदक (IPM)” से सम्मानित


न्यूज विज़न। बक्सर
जिले के लिए गौरव का क्षण रहा जब रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के उप निरीक्षक दिनेश चौधरी को उनकी 36 वर्षों की बेदाग सेवा, अनुशासन, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त भारतीय पुलिस पदक (Indian Police Medal – IPM) से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें गुजरात के वलसाड में आयोजित आरपीएफ रेजिंग डे 2025 के भव्य समारोह में भारत सरकार के माननीय केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के हाथों प्रदान किया गया। मंत्री ने दिनेश चौधरी को पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके सेवाभाव की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि आरपीएफ कर्मी देशभर में यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने दिनेश चौधरी जैसे कर्मठ और ईमानदार अधिकारियों को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद लौटने पर आरपीएफ पोस्ट बक्सर में दिनेश चौधरी का जोरदार स्वागत किया गया। निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार, उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, सहायक उप निरीक्षक उमेश राय सहित अन्य अधिकारी एवं जवानों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। बक्सर के समाजसेवी एवं गणमान्य लोगों ने भी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि दिनेश चौधरी ने अपने समर्पण और निष्ठा से जिले का नाम रोशन किया है। पुरस्कार प्राप्त कर उप निरीक्षक चौधरी ने कहा कि यह सम्मान मेरे लिए नहीं, बल्कि पूरी आरपीएफ टीम और देश की सेवा में जुटे उन सभी सुरक्षा कर्मियों के लिए है जो दिन-रात अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। राष्ट्रपति द्वारा दिया गया यह पदक मेरे जीवन का सबसे बड़ा गौरव है।
36 वर्षों की लंबी सेवा अवधि में दिनेश चौधरी ने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, और यात्रियों की सहायता जैसे अनेक क्षेत्रों में उनके कार्य की सराहना होती रही है। बक्सर के लोगों ने इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का क्षण बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





